|
जोधपुर.
जोधपुर का ऐतिहासिक किला मेहरानगढ़, भव्य उम्मेद भवन व ब्लू सिटी के नाम से विख्यात ब्रम्हापुरी क्षेत्र के मकान व आसपास की अछूती लोकेशंस पिछले कुछ अर्से से हॉलीवुड व बॉलीवुड के फिल्मकारों को लुभा रहे हैं। यहां की अनूठी तथा ऐतिहासिक लोकेशंस के कारण जोधपुर फिल्मकारों के लिए हॉट डेस्टिनेशन बना हुआ है।
बुधवार को भी फिल्म शूटिंग में भाग लेने के लिए मुसाफिर व रेस फिल्म से चर्चित हुई ग्लैमरस अभिनेत्री समीरा रेड्डी व अन्य फिल्मी सितारे जोधपुर पहुंचे। इन सितारों में ये दिल आशिकाना फेम करणनाथ के साथ ही कई फिल्मों व धारावाहिकों में चरित्र भूमिका निभा चुकी तनवी आजमी भी शामिल थीं। करणनाथ जहां माधुरी दीक्षित के सेक्रेटरी रिक्कू राकेशनाथ के लाडले हैं। वहीं तनवी आजमी मशहूर शायर कैफी आजमी की पुत्रवधु तथा भावप्रवण अभिनेत्री शबाना आजमी की भाभी हैं।
ये सभी सितारे बॉलीवुड कॉलिंग, इकबाल और डोर जैसी फिल्में बना चुके नागेश कुकुनूर की निर्माणाधीन फिल्म बेमिसाल की शूटिंग में भाग लेंगे। फिल्मी सितारे जेट एयरवेज की फ्लाइट से जोधपुर पहुंचे। आखों पर सन ग्लासेज चढ़ाए सितारों ने अपने प्रशंसको को देखकर हाथ हिलाए तथा एयरपोर्ट से गाड़ियों में सवार होकर रवाना हो गए।
यह सितारे शूटिंग स्थल चांदेलाव के लिए रवाना हो गए। गौरतलब है कि इन दिनों जोधपुर में फिल्मी शूटिंग की बहार आई हुई है। वन नाइट विद द किंग जैसी मेगा बजट फिल्म से लेकर आवारापन जैसी कई बॉलीवुड फिल्मों व पेप्सी की एड फिल्मस की शूटिंग यहां हो चुकी है। कुछ दिनों पूर्व ही अजीतपाल मंगत निर्देशित फिल्म विक्ट्री के कई दृश्य हरमन बावेजा,अमृता राव व अन्य कलाकारों पर फिल्माए गए।