|
कोटा.
आईआईटी कोटा में स्थापित किए जाने के लिए चलाए जा रहे जन-आंदोलन में अब शहर के स्कूलों की छात्राएं भी शामिल हो गई हैं। बुधवार को मां भारती सीनियर सैकंडरी स्कूल की छात्राओं ने दैनिक भास्कर से सम्पर्क कर आईआईटी अभियान के संकल्प पत्र भरें।
इसी दौरान छात्राओं ने संकल्प लिया कि जब तक हक नहीं मिल जाता,सभी छात्राएं एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार रहेगी। छात्राओं ने भास्कर की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि स्कूली छात्राओं को शामिल किए जाने से अभियान को बल मिलेगा। छात्राओं का कहना है यदि आईआईटी के लिए आंदोलन की आवश्यकता पड़ी तो छात्राएं इसमें भाग लेने में पीछे नहीं रहेगी।
स्कूल परिसर में प्रार्थना सभा के बाद सभी छात्राओं ने उत्साह से संकल्प पत्र भरे। छात्रा दीक्षा धीमान व नवीना धामाणी ने कहा कि केन्द्र सरकार को कोटा के नागरिकों की भावना का सम्मान करते हुए आईआईटी को मंजूरी देनी चाहिए। छात्रा नैना सिंघल एवं नूपुर गौतम ने कहा कि केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार के आपसी विवाद में आईआईटी अटकी है। इस मुद्दे को लेकर राजनीति की जा रही है। कोटा को हक दिलाने के लिए सभी लोगों को एकजुट होकर आगे आना चाहिए।
काले झंडों के साथ प्रदर्शन
आईआईटी खोले जाने की मांग को लेकर बुधवार को विभिन्न संगठनों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। कोटा व्यापार महासंघ की ओर से माणक भवन दुकानदार संघ ने कोटड़ी चौराहे पर शाम को चार बजे व्यापारियों ने काले झंडे लेकर प्रदर्शन किया। सभा में महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन ने कहा, हक हासिल करने तक आंदोलन जारी रहेगा।
महासचिव अशोक माहेश्वरी ने दोहराया कि आईआईटी लाकर ही दम लेंगे। दुकानदार संघ के अध्यक्ष हरविंदर सिंह ने कहा कि आंदोलन में व्यापारी तन, मन व धन से सहयोग करने को तैयार हैं। महासंघ के कोषाध्यक्ष नंद किशोर शर्मा, विट्ठलदास मूंदड़ा, हरीश टेकवानी, आर एस ढल, अरुण कोठारी, घीसासिंह चौहान समेत व्यापार संघों के पदाधिकारियों ने संबोधित किया। गुरुवार को शाम 4 बजे पुरानी सब्जी मंडी व्यापार संघ की ओर से प्रदर्शन किया जाएगा।
यूं जताया विरोध
प्रगति स्कूल में बच्चों ने आईआईटी का संकल्प पत्र उत्सह से भरा। बच्चों ने अपना संकल्प जाहिर करने के लिए मैदान में आईआईटी भी बनाया। स्कूल संचालक डॉ. जफर मोहम्मद की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं ने संकल्प पत्र भर आईआईटी आंदोलन में भागीदारी देने का भी संकल्प दोहराया।
छात्राओं ने दिखाई भागीदारी
भारतीय शिक्षा निकेतन में स्कूल में छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे आईआईटी स्थापना के लिए लोगों में जागरुकता पैदा करेंगे, जिससे से केंद्र सरकार तक कोटा की आवाज पहुंच सके। निदेशक महावीर विजय की उपस्थिति में कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं ने संकल्प-पत्र भरे।
व्यापारियों ने भी भरे संकल्प पत्र
जवाहर नगर में कैलीबर आईटी एंड मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राओं और व्यापारियों ने संकल्प पत्र भर कोटा का आईआईटी पर हक दोहराया। इंस्टीट्यूट की ओर से दो सौ संकल्प पत्र भरवाए गए।
हक के लिए लड़ेगे
पुलिस लाइंस रोड स्थित सेंट्रल एकेडमी में छात्र-छात्राओं ने जोश के साथ संकल्प पत्र भरे। निदेशिका माया सिंह की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं ने आईआईटी के हक को लेने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों का कहना था कि आईआईटी के लिए पूरा शहर एकजुट हो जाए तो आईआईटी को कोटा में आने से कोई नहीं रह सकता। वे आईआईटी के हक लिए हमेशा तैयार हैं।
सिंधी महिलाएं भी लामबंध
केन्द्रीय सिंधी महिला पंचायत समिति ने भी आईआईटी के पक्ष में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। महासचिव राधा सचदेवा ने बताया कि अभियान की शुरुआत बंसल क्लासेज के चेयरमैन वीके बंसल ने हस्ताक्षर कर की। इन संकल्प पत्रों को अजरुनसिंह के नाम भेजा जाएगा। सभी सदस्यों ने कहा कि कोटा ही आईआईटी के लिए सही हकदार है।
हवाई सेवा शुरू करने की मांग
कोटा आईआईटी स्थापना संघर्ष समिति ने कलेक्टर को उड्डयन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। सहसंयोजक ईश्वर गंभीर ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल बृजमोहन मालवीय के नेतृत्व में कलेक्टर से मिला। सदस्यों का कहना था कि एअर कनेक्टिविटी के करण आईआईटी स्थापना में विलंब हो रहा है।
केन्द्र की हवाई सेवा नहीं होने की दलील व्यर्थ है क्योंकि रुड़की-खड़गपुर जैसी जगहों पर भी हवाई सेवा नहीं है। ज्ञापन में जल्द ही कोटा से हवाईसेवा शुरू करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल में हाड़ौती व्यापार संघ के अध्यक्ष जितेन्द्र जैन, अनिमेष जैन, जगदीश बाटला, हरीश गेहानी, सुनील आनंद, सीपी श्रंगी शामिल थे। पांच अगस्त को टीलेश्वर भवन पर सर्वदलीय सभा आयोजित की जाएगी।