|
News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati बगड़/गोठड़ी. लांबा गोठड़ा के राजकीय माध्यमिक स्कूल में बीती रात चोरों द्वारा खेल सामग्री चुराने व पोषाहार के बर्तनों में जहर डालने का मामला प्रकाश में आया है। बुधवार सुबह स्कूल खुलने पर बच्चों ने विद्यालय परिसर में पुराने फुटबाल पड़े होने की सूचना विद्यालय स्टाफ को दी।
कार्यवाहक प्रधानाध्यापक दिलीपसिंह डांगी व स्टाफ सदस्यों ने जांच की तो पाया कि प्रधानाध्यापक कक्ष की बिजली की घंटी, खेलकूद सामग्री कक्ष में से फुटबाल, वजन तोलने की मशीन गायब थी। दोनों ही चीजें विद्यालय परिसर में बाद में टूटी हालत मे मिल गई।
इसी प्रकार पोषाहार कक्ष के कमरे की खिड़कियों के शीशे तोड़कर पोषहार के बर्तनों में जहर डालने का प्रयास भी किया गया। सारे मामले की जानकारी कार्यवाहक प्रधानाध्यापक डांगी ने ग्रामीणों को दी।
बाद में ग्रामीणों की विद्यालय में बैठक हुई। जिसमें सर्वसम्मति से पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर सीताराम लांबा, महावीरप्रसाद, विधानचंद, पेमाराम, सुभाष गुर्जर, सरदाराराम, सुमेरसिंह, जितेंद्र, कानाराम, विजयपाल झाझड़िया, बजरंगलाल व हीरालाल लांबा सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
मस्जिद से भी तीसरी बार चोरी : गांव में सुबह सैनी मौहल्ला स्थित मस्जिद से भी तीसरी बार चोरी होने की सूचना मिली। चिड़ावा के जोनी मणियार ने बताया कि सालाना एक बार चोर मस्जिद में रखे गल्ले से पैसा उड़ा ले जाते हैं। पहले भी चोरों ने हजारों रुपए गल्ले से चुरा लिए।
डर था कि कहीं कुंड में ना हो जहर
चोरों ने पोषाहार के बर्तनों में जहरीला पाउडर डाला, इससे भयभीत हुए स्कूल स्टाफ ने दिनभर पानी के कुंड से बच्चों को पानी नहीं पीने दिया और उसे बंद रखा। कार्यवाहक प्रधानाध्यापक दिलीपसिंह डांगी ने बताया कि आशंका है कि पानी के कुंड में भी कहीं जहरीला पाउडर नहीं डाल गए हों। बुधवार को दिनभर बच्चे इधर-उधर से पानी का जुगाड़ करते रहे। एक-दो दिन में उनकी पानी की समस्या हल हो जाए, इसका भी कोई ठोर ठिकाना नहीं है।
पहले भी हो चुकी है चोरी
इसी विद्यालय से 24 जून 08 को भी चोरों ने चारदीवारी पर लगी छह लोहे की एंगल चुरा ली थी। जिसकी रिपोर्ट पुलिस थाना में पहले भी की जा चुकी है। मगर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।