Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

साढ़े चार लाख की लूट

सीकर. लुटेरों ने एक बार फिर पुलिस को ठेंगा दिखाते हुए बुधवार को सदर थाना क्षेत्र के नाथावतपुरा के पास दो युवकों से पिस्तौल दिखाकर साढ़े चार लाख रुपए लूट लिए। हालांकि प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि लूटी गई राशि हवाला की है।

पुलिस के अनुसार कटराथल का निवास कुमार पुत्र बोदूराम व कुड़ली का महेश कुमार मोटरसाइकिल से धोद की ओर जा रहे थे। गांव नाथावतपुरा से थोड़ा आगे निकलने पर पीछे से आए दो बाइक सवारों ने इन्हें रोक लिया। कुछ पल में पिस्तौल तान दी और एक युवक के हाथ में रखी थैली छीनकर धोद की ओर फरार हो गए। लूट की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। सक्रिय हुई पुलिस मौके पर पहुंची तो लूट के मामले में नया खुलासा हो गया।

एसपी डा. नीतिनदीप ने बताया कि दोनों युवक सीकर से पांच लाख रुपए लेकर रवाना हुए थे। साढ़े चार लाख रुपए थैली में रखे हुए थे तथा बाकी जेब में थे। दोनों युवकों के पास हवाला राशि बांटने की 27 पर्चियां भी मिली हैं और रुपए सालासर व सुजानगढ़ बांटने जा रहे थे। हालांकि प्रारंभिक जानकारी में इन्होंने पुलिस को बताया कि ये रुपए धोद में किसी को देने जा रहे थे, मगर पर्चियां मिलने के बाद सबकुछ साफ हो गया।

पुलिस ने दोनों की रिपोर्ट के आधार पर लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि हवाला की राशि के बारे में पुलिस आयकर विभाग को जानकारी देगी। पुलिस का कहना है कि संभवतया आरोपियों ने इनका सीकर से ही पीछा करना शुरू कर दिया हो या हो सकता है इनका पहले से कोई विवाद रहा हो। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में नाकाबंदी कराई गई, मगर कोई सुराग नहीं लग पाया है।

‘मुंह पर स्कार्फ बांधे थे’
लुटेरे बाइक पर सवार होकर आए थे तथा एक ने मुंह स्कार्फ से ढक कर रखा था। मामले का खास पहलू है कि इस बार लूट में फिर बाइक सवार सामने आए हैं। अभी पुलिस यह तय नहीं कर पाई है कि आखिर लुटेरे किस दिशा में गए हैं? दोनों की उम्र भी 20-25 के करीब थी।

वारदात दर वारदात
-श्रीमाधोपुर : तीन महीने पहले सुराणी मार्केट में बाइक सवार लुटेरों ने भरे बाजार व्यापारी पवन सोलावाला को पिस्तौल दिखाकर पौने चार लाख रुपए लूट लिए थे।

-लोसल : बाइक सवार बदमाशों ने एक बार फिर जून के पहले हफ्ते में सरेशाम सर्राफ नरसी सोनी को पिस्तौल दिखाकर दो लाख रुपए की ज्वैलरी से भरा बैग लूट लिया।

-दादिया पेट्रोलपंप लूटकांड: 17 जून की रात कार से पहुंचे छह हथियारबंद बदमाशों ने दादिया के पेट्रोल पंप पर पहुंचकर लूटमार की। पंप केबाहर सो रहे दो कर्मियों को बुरी तरह लहूलुहान कर दिया और करीब 50 हजार रुपए ले उड़े।

फतेहपुरी गेट : पिछले महीने भरे बाजार फतेहपुरी गेट पर झुंझुनूं के किसान से नोटों का थैला छीन लिया। शोर मचाने पर कुछ आगे जाकर थैला फेंककर फरार हो गए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: