|
उदयपुर. जिले के अधिकांश विभागों के कंप्यूटरीकरण के बाद अब शहर का दिल ‘कलेक्ट्री’ भी कंप्यूटरीकृत होने जा रही है। राज्य के सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने दो करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट स्वीकृत कर दिया है। लोगों को जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कलेक्ट्री परिसर में तीन स्थानों पर टच स्क्रीन भी लगाई जा रही है।
कलेक्ट्री परिसर में स्थित सभी विभागों को पूरी तरह कंप्यूटरीकृत करने की योजना तैयार कर ली है। परिसर में न्याय विभाग, मूल्यांकन विभाग, सांख्यिकी, राजस्व, रसद, निर्वाचन विभाग, भू-अभिलेख, कोष कार्यालय सहित सभी विभागों को पूरी तरह ऑनलाइन किया जाएगा। वर्तमान में इन विभागों में एक-एक कंप्यूटर लगा हुआ है, जिस पर सिर्फ चिट्ठी पत्री का काम होता है।
अब लेटेस्ट कंप्यूटरों पर हथियारों के लाइसेंस हो या जमीन संबंधी विवाद या कलेक्ट्री में लगने वाली कोर्ट की जानकारी सीधे कंप्यूटर पर उपलब्ध रहेगी।
कलेक्ट्री कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से यहां आई फोन भी लगाए जाएंगे। इसका कर्मचारी कंप्यूटर के माध्यम से ही इंटरकोम की तरह उपयोग कर सकेंगे। बातचीत करने के साथ एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय तक मेल पर भी सूचना दी जा सकेगी।
टच स्क्रीन से पाएं जानकारी
कलेक्ट्री परिसर में शीघ्र ही तीन स्थानों पर टच स्क्रीन लगाई जाएगी। इससे यहां आने वाला कोई भी शख्स टच स्क्रीन के माध्यम से विभिन्न विभागों की कार्य प्रणाली की जानकारी हासिल कर सकेगा। इस पर कार्यालयों व कक्षों की लोकेशन, अधिकारी व कर्मचारियों की स्थिति के बारे में भी जानकारी होगी।
इनका कहना है
सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने दो करोड़ का प्रोजेक्ट स्वीकृत कर दिया है। इसके तहत कंप्यूटरीकरण किया जाएगा। कलेक्ट्री परिसर में तीन स्थानों पर टच स्क्रीन लगाने का स्थान तय किया जा रहा है।
-कुलदीप रांका, कलेक्टर