गाले.
वीरेंद्र सहवाग (128*) और गौतम गंभीर (56) ने पहले विकेट के लिए 167 रन जोड़ते हुए भारत को श्रीलंका के विरुद्ध दूसरे टेस्ट के पहले दिन शानदार शुरुआत दी थी, लेकिन ‘बिग-3’ सचिन, द्रविड़ व गांगुली के फ्लॉप रहने से टीम इंडिया का गणित गड़बड़ा गया। एक समय बिना विकेट खोए 167 रन बना चुकी मेहमान टीम ने चार विकेट पर 214 रन के स्कोर से दिन का खेल समाप्त किया।
श्रीलंका ने 20 गेंदों के अंतराल में चार महत्वपूर्ण विकेट लेते हुए पहले दिन मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। लक्ष्मण 13 रन पर सहवाग का साथ दे रहे थे। टॉस जीतकर पहले खेलने उतरी भारतीय टीम को गंभीर व सहवाग ने बेहतरीन शुरुआत दी, लेकिन उस पर सचिन, द्रविड़ व गांगुली ने पानी फेर दिया। लंच तक भारत ने बिना विकेट खोए 151 रन बनाए थे। सहवाग 91 तथा गंभीर 50 रन पर नाबाद थे। दोनों ओपनरों ने मेंडिस व मुरलीधरन की जमकर धुनाई की थी। मुरली ने पहले स्पैल के छह ओवर में 32 तथा मेंडिस ने छह ओवर में 37 रन दिए थे। सहवाग ने मेंडिस की गेंद पर एक शानदार छक्का भी लगाया था। 13 रन पर संगकारा द्वारा जीवनदान मिलने के बाद गंभीर का बल्ला भी खूब चला।
लंच के बाद बारिश के कारण तीन घंटे का खेल नहीं हो सका, लेकिन जब खेल फिर शुरू हुआ, तो बिग-3 ने बेहद निराश किया। मेंडिस ने गंभीर को पगबाधा करते हुए मेजबान टीम को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद द्रविड़ (2), सचिन (5) व गांगुली (0) आयाराम-गयाराम साबित हुए। मेंडिस ने गंभीर व द्रविड़ को कैरम बॉल का शिकार बनाया, जबकि चामिंडा वास ने सचिन व गांगुली को चलता किया। मेंडिस ने लगातार तीसरी बार राहुल द्रविड़ को आउट किया है। पहले टेस्ट की दोनों पारियों में भी उन्होंने द्रविड़ का विकेट लिया था। वीवीएस लक्ष्मण (13*) ने सहवाग के साथ 36 रन की अविजित भागीदारी कर भारत को और कोई झटका नहीं लगने दिया।