गाले.
गाले टेस्ट की दूसरी पारी में गौतम गंभीर (74) और वीरेंद्र सहवाग (50) के शानदार अर्धशतकों की मदद से भारत ने श्रीलंका पर शिकंजा कस दिया है। भारत ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में 4 विकेट पर 200 रन बना लिए थे।
इसके साथ ही मेजबान टीम पर भारत की कुल बढ़त 237 रन हो गई है। इसमें राहुल द्रविड़ (44) और सचिन तेंडुलकर की संक्षिप्त लेकिन शानदार पारियां भी शामिल हैं। इससे पहले भारत ने ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह के 6 विकेटों की मदद से श्रीलंका की पहली पारी 292 रन पर समेट दी।
श्रीलंका के कप्तान महेला जयवर्धने ने 86 रन की कप्तानी पारी खेली, लेकिन वे भारत को पहली पारी में 37 रन की बढ़त लेने से नहीं रोक सके।भज्जी के 6 विकेट :अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन ने श्रीलंका की पहली पारी में 40.3 ओवरों में 102 रन देकर 6 विकेट लिए। उन्होंने टेस्ट मैचों में २२वीं बार एक पारी में 5 या इससे अधिक विकेट हासिल किए। अनिल कुंबले ने ३६ ओवरों में ८१ रन देकर श्रीलंका के कप्तान महेला जयवर्धने समेत 3 खिलाड़ियों को आउट किया।
292 पर सिमटी श्रीलंका की पारी :
इससे पहले श्रीलंका ने आज सुबह 6 विकेट पर २१४ रन से आगे खेलना शुरू किया। कल के नाबाद बल्लेबाज कप्तान महेला जयवर्धने (86) और विकेटकीपर बल्लेबाज प्रसन्ना जयवर्धने (24) ने छठे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। प्रसन्ना के रूप में श्रीलंका का छठा विकेट गिरा, तो टीम का स्कोर 250 रन था। इसके बाद महेला ने कुलशेखरा के साथ 8वें विकेट के लिए ३६ रन जोड़कर अपनी टीम को 300 के नजदीक पहुंचाया। श्रीलंका के आखिरी 3 विकेट 1 रन जोड़कर गिर गए।