HomeNewsMetrosIndore Indore

‘माथे लगाऊंगा खंडवा की माटी’

खंडवा. मुझे खंडवा की ज्यादा जानकारी नहीं है लेकिन मेरे लिए इतना ही बहुत है कि वहां किशोर का जन्म हुआ। वहां की माटी को माथे पर लगाऊंगा।

मनोज कुमार ने मुंबई से दूरभाष पर ‘भास्कर’ से यह बात कही। २४ जुलाई को अपना 71वां जन्मदिन मनाने वाले मनोज कुमार ने बताया मेरा मूल नाम हरिकिशन गोस्वामी है। एक फिल्म में मुझे मनोज कुमार नाम मिला, यह अच्छा लगा तो फिल्मी दुनिया में यही रख लिया। हालांकि लोगों ने मुझे भारत कुमार बना दिया।

उन्होंने कहा अब फिल्मों में फूहड़ता और अश्लीलता देखकर मन दु:खता है लेकिन क्या किया जा सकता है? फिल्मों में ही नहीं अब तो समाज में भी गिरावट आ गई है। लोग कोशिश कर रहे हैं लेकिन हकीकत को फिल्म में पूरी तरह जीवंत करना कठिन है।

इसके लिए मेहनत करना पड़ती है जो कोई करना नहीं चाहता। मैंने भगतसिंह पर फिल्म बनाई तो चार साल रिसर्च की थी।

मनोज कुमार ने सुनाए किस्से
बटाटा वड़ा मांगने के बाद ले आता था रबड़ी : किशोर कुमार और मेरी अकसर एडिटिंग रूम में मुलाकात होती थी। वह मेरे पास आकर कहते थे मुझे जोर से भूख लगी है और मेरे पास पैसे नहीं हैं। बटाटा वड़ा मंगवा दीजिए। मैं बटाटा वड़ा के साथ भजिये भी बुलाता था, लेकिन उसके पहले ही वह रबड़ी लेकर आ जाते थे। खुद भी खाते और मुझे भी खिलाते।

इतना अच्छा मैं भी नहीं गा पाता : मैं ‘उपकार’ का गाना कस्मे वादे.. किशोरजी से गवाना चाहता था लेकिन उन्हें पता चला कि यह प्राण पर फिल्माया जाने वाला है तो चुपके से खंडाला चले गए। दरअसल वे विलेन पर अपना गाना नहीं फिल्माना चाहते थे। बाद में गाना हिट हो गया तो मेरे पास आए और बोले यार मुझे बताया क्यों नहीं? खैर, मन्नाडे साहब ने बहुत अच्छा गाया है। इतना अच्छा मैं नहीं गा सकता था।

आज मुख्यमंत्री देंगे राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण
पुलिस लाइन ग्राउंड पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सोमवार रात 8 बजे मनोज कुमार को दो लाख रुपए के राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण से सम्मानित करेंगे। इसके बाद बप्पी लाहिड़ी की ‘सुरमयी शाम’ का आयोजन किया गया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: