अहमदाबाद.अहमदाबाद में बम विस्फोट की साजिश रचने वाले हूजी से जुड़े आतंकी थे जो पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश भाग गए। क्राइम ब्रांच ने यह आशंका जताते हुए कहा है कि गुजरात के दो मोस्ट वांटेड बदमाशों ने आतंकियों की मदद की थी। इस बीच, संदेह के आधार पर गिरफ्तार कलीमुद्दीन (36) ने रविवार को अस्पताल की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। वह नशे का आदी था।
जांच एजेंसी ने बम धमाकों की साजिश रचने वालों की पहचान कर लेने का दावा किया है। क्राइम ब्रांच के अनुसार रसूल खान पाटी और गुजरात के पूर्व गृहमंत्री हरेन पंडच्या की हत्या के मुख्य आरोपी मुफ्ती सुफियान ने धमाकों में हूजी को सहायता दी थी। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए फंदा कस दिया है।
पटेल को मिलेगा ब्रेवरी अवॉर्ड
सूरत. अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चे ने सूरत में 28 बम निष्क्रिय करने वाले बीडीएस के जयसिंह पटेल को ब्रेवरी अवॉर्ड से सम्मानित करने की घोषणा की है।
बमों की सूचना देने वालों का भी सम्मान करने का एलान किया गया है। इधर, सूरत में विस्फोटकों से भरी कार की सूचना देने वाले प्रवीण भालाना को हिन्दू मिलन मंदिर तथा गणोश उत्सव समिति ने सम्मानित किया।