जम्मू/श्रीनगर. 
अमरनाथ श्राइन बोर्ड को भूमि वापस करने की मांग को लेकर जम्मू क्षेत्र में चल रहे आंदोलन ने अब और हिंसक रूप अख्तियार कर लिया है। मंगलवार को अखनूर सेक्टर में पुलिस फायरिंग में मीडियाकर्मियों समेत 12 लोगों के घायल होने के बाद भड़के प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस चौकी में आग लगा दी, जिससे दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। उधर, कश्मीर घाटी में एक युवक की मौत व जम्मू क्षेत्र में मुस्लिमों पर हुए कथित हमले के खिलाफ श्रीनगर में किए गए प्रदर्शनों में 15 लोग घायल हुए हैं। अखनूर के ज्यौड़ियां में जुलूस निकाल रहे प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में स्थित नायब तहसीलदार के कार्यालय को आग लगा दी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए गोलीबारी की, जिसमें एक राष्ट्रीय न्यूज चैनल व एक स्थानीय चैनल के दो कैमरामैनों समेत लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए।
पुलिस पर उतरा गुस्सा : गोलीबारी से प्रदर्शनकारियों का गुस्सा और भड़क गया। उन्होंने ज्यौड़ियां पुलिस चौकी को घेर कर उसमें आग लगा दी। चौकी के अंदर फंसे 10 पुलिसकर्मियों में से दो की मौत हो गई, जबकि सात घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को जम्मू मेडिकल कालेज अस्पताल में लाया गया है। प्रदर्शनकारियों द्वारा अखनूर कस्बे में सीआईडी कार्यालय में भी आग लगाने की खबर है।
सेना ने बंद किए रास्ते : प्रदर्शनकारियों पर पुलिस फायरिंग की जानकारी मिलते ही सेना ने जम्मू शहर को जोड़ने वाले सभी छोटे-बड़े रास्तों पर तार की बाढ़ लगाकर उन्हें बंद कर दिया।
अन्य जिलों में भी छुटपुट घटनाएं :
जम्मू क्षेत्र के उधमपुर, रामबन, कठुआ, राजौरी आदि जिलों में भी लोग श्राईन बोर्ड के पक्ष में प्रदर्शन कर रहे हैं। रामबन में हाईवे बंद कर रहे लोगों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव करने पर डीएसपी तालिब हुसैन घायल हो गए।
सांबा हाइवे पर प्रदर्शन :
लगभग 20 हजार लोग सांबा जिले में हाईवे पर उतर आए और यातायात को रोक दिया। उनकी मांग थी कि सोमवार को सांबा में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर गोलीबारी करने वाले एसएसपी प्रभात सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए।
पर्यटकों की बस फूंकी :
सांबा में प्रदर्शनकारियों ने सोमवार देर शाम नगालैंड के पर्यटकों की एक बस में आग लगा दी। यात्रियों को बस से पहले ही उतार दिया गया था। प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन के चलते पर्यटकों को जम्मू क्षेत्र में न आने की अपील की है।
रेल ट्रैक उखाड़ा :
सांबा फायरिंग का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने कठुआ जिले के घघवाल क्षेत्र में रेल ट्रैक उखाड़ दिए। कुछ ट्रेनों को कठुआ में रोका गया। ट्रैक उखाड़े जाने के कारण जम्मू-पठानकोट रेल मार्ग प्रभावित हुआ है। उधर, कश्मीर जाने वाले ट्रकों को भी प्रदर्शनकारियों ने माधोपुर में रोक दिया है।
श्रीनगर में तनाव :
श्रीनगर के मैसुमा इलाके में मंगलवार को पुलिसकर्मियों पर पथराव कर रहे प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। ये लोग इसी इलाके में सोमवार को प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई में एक युवक की मौत और जम्मू क्षेत्र में मुस्लिमों पर हुए हमले के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने वाहनों व सीआरपीएफ के जवानों पर भी पथराव किया। बाद में ये प्रदर्शनकारी शहर के अन्य इलाकों में भी फैल गए। सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शनों में 15 लोग घायल हुए हैं।
बंद जारी :
जम्मू क्षेत्र में मुस्लिमों पर हुए हमले के खिलाफ श्रीनगर में बंद लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। शहर की अधिकतर दुकानें व व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। इस बंद का आह्वान हुर्रियत कॉन्फ्रेंस (सैयद अली शाह गिलानी धड़े) ने किया था।