HomeNewsMetrosIndore Indore

झूम के बरसा सावन

इंदौर. मंगलवार को सावन पूरे शबाब पर दिखा। ग्वालियर व सागर के बीच बने चक्रवाती हवाओं के घेरे ने करीब एक घंटे में ही शहर को तरबतर कर दिया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में संभाग में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। सुबह 10.30 बजे तक मौसम सामान्य था। शहर के कुछ हिस्सों में बादलों का जमघट नजर आ रहा था तो कहीं आकाश सूना था। हालांकि सूरज बादलों की ओट में था इस वजह से रोशनी और तापमान कम था। कुछ देर बाद स्थिति बदलने लगी, आसमान में बादल और घने होने लगे। 11 बजे बरसात शुरू हो गई।

लोग दुकान के छज्जों और पेड़ों के नीचे आसरा तलाशते नजर आए। थोड़ी ही देर में सड़कों से पानी बहने लगा। करीब एक घंटे तक अच्छी बारिश हुई। उसके बाद धूप खिल गई। शाम को फिर मौसम ने करवट ली और फिर बूंदाबांदी होने लगी।

मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर व सागर के बीच में चक्रवाती हवाओं का केंद्र बना हुआ है। यह सतना से खिसककर इस ओर आया है। इसी की वजह से क्षेत्र में बरसात हो रही है। आने वाले 48 घंटों में भी अच्छी बारिश का अनुमान है।

अलग-अलग हैं आंकड़े
खंडित वर्षा होने के कारण इस बार शहर के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र में बारिश के आंकड़े अलग-अलग हैं। एअरपोर्ट स्थित मौसम विभाग के अनुसार शहर में अब तक 290 मिमी वर्षा हुई है जबकि कृषि महाविद्यालय के मौसम केंद्र के मुताबिक 315.8 मिमी बारिश हो चुकी है।

प्रदेश की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। पूर्वी मप्र के ज्यादातर जिलों में बारिश का आंकड़ा 800 मिमी पार कर चुका है, जबकि पश्चिमी मप्र में इससे आधी बरसात भी नहीं हुई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: