इंदौर. महिला बाल विकास और जनसहयोग द्वारा मंगलवार को आयोजित लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत पहले वर्ष के राष्ट्रीय बचत पत्र का वितरण हरसिद्धि कम्युनिटी हॉल में किया गया। इसमें लाबरिया भेरू सेक्टर की 27 आंगनवाड़ी से संबधित 101 लाड़ली लक्ष्मियों को बचत प्रमाण पत्र बांटे गए।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से परिवहन गृह मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री हिम्मतसिंह कोठारी मौजूद थे। उन्होंने कहा बेटी अब जन्म लेते ही लखपति बन गई है। उसकी शिक्षा और शादी की माता-पिता को चिंता करने की जरूरत नहीं। महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा ने कहा बेटी को भार नहीं मानें। बेटी को भी शिक्षा, संपत्ति में बराबर अधिकार मिलना चाहिए।
विभाग की संयुक्त संचालक डॉ. संध्या व्यास ने कहा महिला बाल विकास का पहला कार्यक्रम है जिसमें सिर्फ महिलाएं ही नहीं बल्कि पिता भी शामिल हुए हैं। बेटी और बेटे में परिवार अंतर नहीं करें। यह भी संदेश है कि बेटियों को भी समान शिक्षा, प्यार, परवरिश मिले। ‘हर बेटी का है अधिकार, पूरी शिक्षा पूरा मान’ जैसे उद्घोष भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और पालकों ने लगाए।
सभी लाड़लियों को एक समान ड्रेस और ताज पहनाए गए क्योंकि वे अब किसी राजकुमारी से कम नहीं। इसके साथ ही लाड़ली लक्ष्मी में इंदौर जिले में कुल 2700 लड़कियों के पंजीयन हो चुके हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सभापति शंकर लालवानी, गोपीकृष्ण नेमा, सत्यनारायण सत्तन, ललित पोरवाल, सपना चौहान शामिल हुए। लाबरिया भेरू सेक्टर की पर्यवेक्षक जगमीत जैन ने संयोजन किया। संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मंजुला तिवारी ने किया। आभार परियोजना अधिकारी के.सी. पांडे ने माना।