छिंदवाड़ा. आसाराम गुरुकुल में हुई दो मासूमों की हत्या का मामला उजागर होने के बाद अहमदाबाद से क्राइम ब्रांच की टीम मंगलवार की शाम छिंदवाड़ा पहुंची।
गुजरात के आश्रम में हुई दो छात्रों की मौत की गुत्थी अभी सुलझ नहीं पाई है। मृतक छात्रों के परिजन ने वहां के प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है जबकि यहां छिंदवाड़ा पुलिस ने दांतों के निशानों को आधार बनाकर आरोपी खोज निकाला।
इधर मंगलवार को गुरुकुल फिर चालू हो गया। पहले दिन सिर्फ 200 बच्चे ही आश्रम पहुंचे। अहमदाबाद से क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर टीडी पाटील अपनी टीम के साथ यह जानने के लिए आए हैं कि छात्रों की जान लेने वाले आरोपी का वारदात का तरीका क्या था? इतनी जल्दी पुलिस आरोपी तक कैसे पहुंच गई।
आश्रम में जाने की अनुमति के लिए इंस्पेक्टर पाटील सबसे पहले कोतवाली पहुंचे। कोतवाली टीआई विनोद श्रीवास्तव ने उन्हें एएसपी अमित सांघी के पास भेजा। सांघी ने उन्हें एसपी राजा बाबू से अनुमति लेने के लिए कहा। बुधवार को क्राइम ब्रांच की टीम घटनास्थल का मुआयना कर कार्रवाई को अंजाम देगी।
क्लोज सर्किट कैमरे लगेंगे : गुरुकुल प्रबंधन दो बच्चों की मौत के बाद अपनी आंतरिक सुरक्षा को लेकर गंभीर हो गया है। प्रबंधन ने निर्णय लिया है कि गुरुकुल के उन कमरों में क्लोज सर्किट कैमरे लगाए जाएंगे, जहां विद्यार्थी मौजूद रहते हैं। प्रबंधक के कक्ष में कंट्रोल रूम होगा। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।
ज्ञापन का दौर जारी : दो बच्चों की हत्या की कहानी और एक छात्र को आरोपी बनाया जाना आम लोगों के गले नहीं उतर रहा है। लिहाजा ज्ञापन का दौर भी जारी है। मंगलवार को जनजागरण मंच ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होना चाहिए। इसी तरह आरपीआई ने अपने ज्ञापन में सीबीआई जांच की मांग की है।
आदिवासियों की जमीन पर बना है आश्रम
छिंदवाड़ा में आसाराम बापू का गुरुकुल आश्रम आदिवासियों की जमीन पर बना है, जो अब अनैतिक कार्यो का अड्डा बन गया है। 50 करोड़ रुपए की 27 एकड़ जमीन वर्ष 1996 से आश्रम के कब्जे में है।
इस जमीन को राज्य सरकार को अधिग्रहित कर लेना चाहिए। राज्यपाल डॉ. बलराम जाखड़ को सौंपे ज्ञापन में ये आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी के विधायक डॉ. सुनीलम, किशोर समरीते और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) विधायक मनमोहन शाह बट्टी ने मांग की कि आसाराम बापू के गुरुकुल में हुई बच्चों की मौत का मामला सीबीआई को सौंपा जाए।
राज्यपाल को ही दिए एक अन्य ज्ञापन में छिंदवाडा के एसपी राजाबाबू सिंह की पदस्थापना पर आपत्ति जताते हुए कहा गया कि सब-इंस्पेक्टर चेतना शर्मा हत्याकांड की जांच सीबीआई कर रही है, ऐसी स्थिति में ईमानदार एवं कानून पर विश्वास करने वाले आईपीएस अधिकारियों का मनोबल गिरेगा।
विधायकों ने कहा छिंदवाड़ा के आसाराम आश्रम में बच्चों की मौत की घटना से शिक्षण छात्रावासों पर से लोगों का विश्वास उठ गया है। आश्रम की जमीन का अधिग्रहण कर इसका उपयोग मेडीकल, इंजीनियरिंग, कृषि कालेज के लिए किया जाना चाहिए।
आसाराम बापू के पुत्र पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
पानीपत. आसाराम आश्रम में काम कर चुके महेंद्र चावला ने आरोप लगाया है कि आसाराम बापू के पुत्र नारायण साईं ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। पानीपत निवासी महेंद्र सन 1998 से लेकर 2005 तक आसाराम बापू के आश्रम की सेवा करने वाले महेंद्र ने वहां की गतिविधियों से तंग आकर काम छोड़ दिया था।
महेंद्र ने आरोप लगाया कि इसी बीच नारायण साईं ने उससे कुछ कागजातों पर दस्तखत करवा लिए और मेरे द्वारा कागज वापस मांगे जाने पर जान से मारने की धमकी दी। महेंद्र पानीपत आश्रम के अलावा कोटा और अहमदाबाद आश्रम में भी काम कर चुका है।