उज्जैनमहाकाल मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को चिमनगंज पुलिस गुरुवार सुबह गुना से उज्जैन ले आई। मीडिया के सामने आरोपी ने कहा कि अहमदाबाद बम धमाकों की खबर अखबार में पढ़ने के बाद उसके दिमाग में फितूर जागा और चर्चित होने के उद्देश्य से उसने ऐसा कदम उठाया।
गुना के कोलपुरा में रहने वाले 19 वर्षीय सेवकराम उर्फ टिल्लू ने तीन दिन पूर्व मोबाइल से बजरंगनगर निवासी राजा पिता गोपाल मीणा को महाकाल मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। मामले में पुलिस ने २९५, ५११ (धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना) 507 (फोन पर धमकाना) व २९४ (अपशब्द कहने) का मुकदमा दर्ज किया था। सीएसपी राजेश सहाय के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुवार दोपहर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 10 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर सौंपा गया।
ऐसे पहचाना महाकाल मंदिर को
आरोपी के मुताबिक महाकाल मंदिर को उसने तब जाना जब उसने अखबार में मंदिर में करंट फैलने की खबर पढ़ी। पढ़ाई में कमजोर होने की वजह से घर वाले अक्सर ताने दिया करते थे। इसलिए चर्चित होने के लिए उसने महाकाल मंदिर को उड़ाने की फितरत की। उसने यह भी बताया कि फोन चाहे कहीं भी लगता लेकिन वह धमकी महाकाल मंदिर को उड़ाने की ही देता।