HomeNewsNational National

सांसदों ने कहा छेड़छाड़ हुई है टेप से

नई दिल्ली .लोकसभा में विश्वास मत पर चर्चा केदौरान नोटों की गड्डियां लहराकर तहलका मचाने वाले भाजपा के तीन सांसदों में से दो ने इस मामले से संबंधित स्टिंग ऑपरेशन के टेप से छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया है। मजे की बात है कि ‘नोट के बदले वोट’ मामले की जांच कर रही सात सदस्यीय संसदीय समिति के सामने गुरुवार को पेश हुए भाजपा सांसद अशोक अर्गल और फग्गन सिंह कुलस्ते ने मीडिया के सामने तो टेप से छेड़छाड़ का आरोप लगाया, लेकिन समिति को दिए बयान में ऐसी कोई शिकायत नहीं की है।

समिति के चेअरमैन वीके किशोर चंद्र देव ने पत्रकारों को बताया कि सांसदों ने बयान के दौरान टेप से छेड़छाड़ किए जाने का आरोप नहीं लगाया है।

सिद्ध करो आरोप :

करीब ढाई घंटे तक चली पूछताछ में समिति ने सांसदों से कहा कि वे इस आरोप को साबित करें कि उन्हें यूपीए सरकार के पक्ष में मतदान के लिए रिश्वत दी गई थी।

हम साथ-साथ हैं :

आमतौर पर बयान देने वाला संसदीय समिति के सामने अकेले ही पेश होता है, लेकिन अर्गल और कुलस्ते समिति के सामने एकसाथ पेश हुए। उनका तर्क था कि उन्होंने शिकायत एकसाथ दर्ज कराई है इसलिए वे साथ में ही पेश होंगे। सूत्रों का कहना है कि उनकी इस मांग का भाजपा सांसद वीके मल्होत्रा और माकपा सदस्य मोहम्मद सलीम ने समर्थन किया। गौरतलब है कि मामले से जुड़े भाजपा के तीसरे सांसद महावीर भगोरा को भी समिति ने तलब किया था, लेकिन अस्वस्थ होने के कारण वे पेश नहीं हुए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: