कोलंबो.
पहला टेस्ट श्रीलंका ने एक पारी और २३९ रन से जीता। दूसरे टेस्ट में भारत ने जोरदार वापसी करते हुए 170 रन से शानदार जीत हासिल कर ली। दो टेस्टों में १- 1 की बराबरी के बाद दोनों टीमों के बीच निर्णायक जंग की घड़ी आ गई है। शुक्रवार से यहां शुरू होने वाले तीसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट में भारत और श्रीलंका के बीच विस्फोटक मुकाबला होने की पूरी संभावना है।
श्रीलंका ने जिस अंदाज में पहला टेस्ट जीता था, उससे एक बार यह लगने लगा था कि वह इस सीरीज में भारत को धोकर रख देगा, लेकिन भारत ने गाले में दूसरे टेस्ट में जिस तरह जवाबी प्रहार किया उससे एक बार तो श्रीलंका के होश भी उड़ गए। दोनों टीमें अब तक एक दूसरे की ताकत को पूरी तरह भांप चुकी है।
रहस्यमयी स्पिनर अजंता मेंडिस और मुथैया मुरलीधरन की करिश्माई गेंदबाजी पर भारतीय बल्लेबाज दूसरे टेस्ट में काफी हद तक काबू पा चुके हैं, जबकि विस्फोटक ओपनर वीरेन्द्र सहवाग की धुआंधार फार्म श्रीलंका के लिए सिरदर्द बन गई है। यानी दोनों टीमों के बीच अब मुकाबला बराबरी का हो चुका है।
मेंडिस और मुरली के मुकाबले भारतीय आफ स्पिनर हरभजन ¨सह ने मोर्चा खोल दिया है। गाले में दस विकेट झटककर हरभजन ने दिखा दिया था कि स्पिन लेती पिच पर उन्हें खेलना कितना मुश्किल काम है। भारत के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सौरभ गांगुली और वी.वी. एस लक्ष्मण इस सीरीज में अबतक बेशक अपना पूरा कमाल न दिखा पाए हों, लेकिन उन्हें किसी भी सूरत में हल्के से लेना किसी भी टीम के लिए मुसीबत का सबब बन सकता है।
गाले में द्रविड़ और सचिन अपनी फार्म में लौटते दिखाई दिए थे। तीसरा टेस्ट सचिन के लिए इस दौरे में आखिरी मौका है कि वह वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा का ११९५३ रन का विश्व रिकार्ड तोड़े, वह इस रिकार्ड को तोड़ने से ९७ रन दूर हैं। यदि उनका बल्ला चलता है तो इस टेस्ट में यह रिकार्ड उनके नाम हा ेसकता है। केवल भारत ही नहीं पूरी दुनिया की नजरें इस टेस्ट पर लगी होंगी कि मास्टर ब्लास्टर ब्रायन लारा का रिकार्ड तोड़ पाते हैं।