अजमेर. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीएल फानण के हस्तक्षेप के बाद भी राजकीय जनाना अस्पताल प्रशासन ने जननी सुरक्षा योजना राशि का भुगतान नहीं किया।
बीपीएल वर्ग की बोराज, फॉयसागर निवासी रूपेश राव शितोले की पत्नी ज्योति शितोले को अस्पताल प्रशासन ने न तो इस वर्ग को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि दी और न ही जननी सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाली राशि का भुगतान ही किया।
प्रशासन से इस संबंध में प्रसूता के अभिभावकों द्वारा संपर्क करने पर उन्हें नकारात्मक जवाब दिया गया। इस पर प्रसूता के ससुर कृष्णराव ने फानण से संपर्क किया और समस्या बताई।
इस पर डॉ. फानण ने अस्पताल अधीक्षक के नाम पत्र लिख कर जननी सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाली राशि देने के निर्देश दिए। इस निर्देश को जारी हुए भी लगभग एक महीना हो चुका है, लेकिन अस्पताल प्रशासन राशि देने में टालमटोल कर रहा है।