अजमेर. शहर के आंदोलनरत इंजीनियरिंग टीचर्स की समस्या गुरुवार को शहर के चौराहों तक पहुंची। बजरंग गढ़ चौराहे पर हर आने जाने वाले को जेरॉक्स की हुई बेनाम पर्चियां बांटी गई शहर के पीड़ित भावी इंजीनियरों के नाम से।
पर्ची में कुछ बिंदु थे जैसे-43 हजार रुपए फीस देकर भी पीड़ित, गुलामों सा व्यवहार, अध्ययन का स्तर गर्त में, मेरिट के विद्यार्थियों को अगर अच्छे अध्यापक न मिले तो कैसे तैयार होंगे अजमेर का नाम रोशन करने वाले इंजीनियर? आईआईटी की सोचने से पहले उनको तो संभालो जो वर्तमान में तुम्हारे पास हैं।
एक ओर संघर्ष की यह हताश अभिव्यक्ति है। दूसरी तरफ शहर की विभिन्न स्कूलों में पढ़ रहे आईआईटी के हजारों संभावितों के चेहरों पर नजर आ रही उमंग है कि कुछ करने से अगर आईआईटी शहर में आती है तो उसे जरूर किया जाए। इस मामले में कम से कम शहर में एकजूटता तो दिखाई ही जाए। अजमेर में आईआईटी
खोलने के लिए यह उमंग माहेश्वरी पब्लिक स्कूल की प्राचार्या सविता शर्मा और वहां के चुनिंदा स्टूडेंट्स से ‘दैनिक भास्कर’ की बातचीत में भी स्पष्ट नजर आई।
बनेगी अलग पहचान
शिक्षा के मामले में अजमेर का शुरू से ही नाम रहा है। अफसोस की बात है कि यहां कोई बड़ी यूनिवर्सिटी नहीं, जबकि प्रतिभाओं की भरमार है। हर साल बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स आईआईटी के लिए चुने जाते हैं। उन्हें घर परिवार से दूर पढ़ने के लिए जाना पड़ता है। ऐसे में अगर आईआईटी शहर में आती है तो ज्यादा से ज्यादा छात्र उसमें एडमिशन के लिए खुद को तैयार करेंगे। अजमेर की एक इससे एक अलग पहचान बनेगी।
- मृदुल भंसाली
जरूरत है पहल की
अजमेर की पहचान राजस्थान की शैक्षिक राजधानी के रूप में रही है। स्कूल एज्यूकेशन के लिहाज से अजमेर की दुनिया में धाक रही है। शिक्षा की इस राजधानी में स्कूलों की अच्छी परफॉर्म्ेस के बावजूद क्वालिटी हायर एज्यूकेशन के लिए बहुत ज्यादा कोशिशें नहीं हरुई। इसी वजह से स्कूलों के बाद छात्रों को शहर से बाहर जाना पड़ता है। इस लिहाज से आईआईटी शहर की बड़ी जरूरत है। जरूरत हमारे इनिशिएटिव की है।
-प्रतीक मंत्री
तकनीकी शिक्षा को नए आयाम
अजमेर में आईआईटी भावी इंजीनियरों के भविष्य निर्धारण में अहम भूमिका निभाएगी। शहर में अच्छी फैकल्टी उपलब्ध होगी तो तकनीकी शिक्षा को नए आयाम मिलेंगे। बच्चों को अपने से दूर नहीं कर सकने की मानसिकता वाले अभिभावकों को तसल्ली रहेगी कि उनका बच्च शहर में ही आईआईटी कर रहा है। आईआईटी से ब्रम्हा और ख्वाजा वाले इस शहर की एज्यूकेशनल, टूरिज्म और फाइनेंसियल हेल्थ भी सुधरेगी।
- चित्रांग जैन
शहर में आएगा बूम
आईआईटी अजमेर के ऐसे स्टूडेंट्स के लिए एक गोल्डन अपॉच्र्यूनिटी है जो इस प्रतिष्ठित डिग्री को हासिल करना तो चाहते हैं लेकिन हासिल कर नहीं पाते। कइयों को अभिभावक बाहर भेजना नहीं चाहते, खास कर गल्र्स को। ऐसी स्थिति में अगर आईआईटी अजमेर में आती है तो इससे शहर में बूम आएगा। इस समय शहर में प्रतिष्ठित टीचर्स की कमी नहीं है जो यहां के टैलेंट को आगे बढ़ाने में पूरी मदद कर रहे हैं।
-आकृति लाहोटी
ग्लोबल आइडेंटिटी के लिए तैयार
आईआईटी अगर अजमेर में आती है तो यह निश्चित ही बड़ी बात होगी। आईआईटी के कैलिबर के स्टूडेंट्स की भरमार है शहर में। ऐसे अवसर मिलते हैं तो यहां के छात्र देश भर में धूम मचाने की उसे आगे ले जाने की कूवत रखते हैं। शहर में आज की लड़कियां भी अपनी ग्लोबल आइडेंटिटी बनाने को तैयार हैं, बशर्ते हमें मौका मिले। हमारे उत्साह को दिखाने और खुद को प्रूव करने के लिए आईआईटी का यहां होना जरूरी है।
- भाग्यश्री व्यास
अभिभावकों की सोच बदलेगी
आईआईटी का अजमेर में आना, टेक्निकल एज्यूकेशन में खास कर लड़कियों के लिए एक महत्वपूर्ण घड़ी होगी। इस समय शहर में चुनिंदा लड़कियां इस फील्ड में आगे आ रही हैं और आईआईटी के आने के बाद इसमें आगे आने वालों की लाइन लगेगी। अभिभावकों की सोच में भी बदलाव आएगा, जो अभी तक लड़कियों को एक दायरे में ही रख कर आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे दूसरे क्षेत्रों के भी रास्ते खुलेंगे।
-गर्विता चौधरी
अजमेर है सर्वश्रेष्ठ विकल्प
राजस्थान में अजमेर का ऐतिहासिक दृष्टि से ही नहीं, प्राकृतिक, धार्मिक और शैक्षणिक दृष्टि से बड़ा महत्व है। इस शहर की संस्कृति अपने आप में एक विशेषता लिए हुए है। यहां के विद्यालय और कुछ हद तक महाविद्यालय भी विश्व की प्रसिद्ध धरोहर हैं। शहर में पढ़ाई का महत्व समझने वाले बहुसंख्य छात्र हर साल आईआईटी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं और उनमें सफलता भी पाते हैं।
इस कामयाबी का कुछ श्रेय यहां पर मौजूद योग्य शिक्षकों को भी जाता है। कुछ कोचिंग इंस्टीटच्यूट्स की भूमिका को भी इसमें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। तब भी पिछले कुछ सालों में शिक्षा जगत में जो तेजी से बदलाव आए हैं, उन्हें देखते हुए यहां उच्च शिक्षण संस्थानों की महती आवश्यकता है।
घर से दूर रह कर पढ़ाई करने के लिहाज से भी यह शहर शांत, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण यहां है। इन सारे बिंदुओं के मद्देनजर आईआईटी के लिए राज्य में अजमेर शहर सर्वश्रेष्ठ विकल्प है।
- सविता शर्मा, प्रिंसीपल, एमपीएस