अजमेर. इनकम टैक्स महकमे ने शहर के एक बड़े प्रॉपर्टी डीलर के घर और फार्म हाउस पर सर्वे कर करोड़ों रुपए की अघोषित संपत्ति पकड़ी है।
महकमे के चार दलों ने गुरुवार सुबह टैंक्विल रियल एस्टेट के मालिक संदीप गोयल के पंचशील कॉलोनी स्थित निवास और दफ्तर सी 571, कड़ैल रोड फार्म हाउस नंबर 9, तिलोरा और पुष्कर स्थित दफ्तर पर एक साथ दबिश देकर सर्वे शुरू किया।
अजमेर रेंज के आयुक्त पीडी मीणा ने बताया कि कार्रवाई में गोयल की रियल एस्टेट कंपनी की इंटरनेट साइट पर कंपनी के नाम उदयपुर से 15 किलोमीटर दूर उदयपुर -अहमदाबाद हाइवे पर 300 बीघा जमीन, जयपुर-अजमेर एक्सप्रेस हाइवे पर पेप्सी प्लांट की पीछे 16. 5 बीघा, कोटा शहर से 12 किलोमीटर दूर दसलाना गांव में कोटा-ग्वालियर हाइवे पर 20 बीघा जमीन और जोधपुर में शहर से 20 किलोमीटर दूर जोधपुर - जयपुर हाइवे पर 200 बीघा जमीन मिली है।
अपर आयकर आयुक्त सविता बुंदस ने बताया कि सर्वे में गोयल की कंपनी के नाम पुष्कर और आसपास के क्षेत्र में 11 बीघा, 7.5 बीघा, 150 बीघा, 20 बीघा और सवा चार बीघा के पांच फार्म हाउस भी मिले हैं। इन फार्म हाउसों पर अत्याधुनिक उपकरणों से खेती की जा रही है। गोयल के यहां से 50 लाख रुपए कीमत की बीएमडब्ल्यू लग्जरी कार के साथ शेवरलेट ओप्ट्रा और फोरेस्टर लग्जरी कार भी मिली।
ये भी अघोषित संपत्ति थी। उन्होंने दावा किया कि यह संभाग में अब तक की सबसे बड़ी सर्वे कार्रवाई है। देर रात तक संदीप के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई जारी थी। इधर गोयल ने पूछताछ में बताया कि वह मकान बनाकर बेचने का कारोबार करता है। उन्होंने अभी तक पांच मकान बनाकर बेचे हैं।
छिपे रुस्तम निकले
गोयल छुपे रुस्तम निकले। शांतिपुरा में पैतृक निवास में रहते जमीन की दलाली का कामकाज शुरू करने के बाद वे इस व्यापार में इस तरह घुसे कि शहर में किसी को नजर नहीं आए। गोयल ने बड़े रीयल एस्टेट ग्रुप को राज्य में जमीन दिलाकर मोटी रकम कमाई। गोयल का अजमेर में खास कारोबार नहीं होने के कारण वे लोगों की नजर में नहीं आए।
बीएमडब्ल्यू नजर में आई
गोयल ने गत दिनों बीएमडब्ल्यू कार खरीदी थी। उससे पहले फोरेस्टर कार भी खरीदी थी, बीएमडब्ल्यू कार में शहर में शान से घूमते गोयल महकमे के अफसरों की नजर में आ गए। उनके कामकाज से जुड़े तथ्य जुटाने के बाद महकमे ने गुरुवार को सर्वे किया।
मिल संचालक से वसूले एक लाख
वाणिज्य कर महकमे ने रोडवेज वर्कशॉप के नजदीक न्यू रीको इंडस्ट्रियल एरिए में रोलिंग मिल पर सर्वे कर करीब एक लाख रुपये का टैक्स व जुर्माना वसूल किया।
महकमे की एंटीविजन विंग के वाणिज्य कर अधिकारी अशोक मंघानी के नेतृत्व में दल ने गुरुवार को रोलिंग मिल पर दबिश देकर स्टॉक की जांच की। उन्होंने बिल बुक और स्टाक से जुड़े दस्तावेजों का भी अवलोकन किया। दस्तावेजों की जांच में टैक्स चोरी कर माल बेचने का मामला सामने आया। अफसरों ने रोलिंग मिल संचालक से करीब एक लाख रुपये का टैक्स व जुर्माना वसूल किया।