News
International International इस्लामाबाद.
परवेज मुशर्रफ ने इस्तीफा देने से इनकार कर संसद में महाभियोग प्रक्रिया का सामना करने का फैसला किया है। हालांकि सत्तारूढ़ पीपीपी के नेता आसिफ अली जरदारी ने उनसे इस्तीफा देने को कहा है। मुशर्रफ के करीबी अवामी मुस्लिम लीग के नेता शेख रशीद अहमद ने बताया राष्ट्रपति अपना बचाव करने के लिए दृढ़ प्रतिज्ञ हैं।
गुरुवार को पीएमएलक्यू नेता मोहम्मद अली दुर्रानी व संविधान विशेषज्ञ शरीफुद्दीन पीरजादा और एटार्नी जनरल मलिक कय्यूम के साथ बैठक में मुशर्रफ ने कहा,मैं संसद में आरोपों का जवाब दूंगा।, इसके पहले महाभियोग चलाने की घोषणा के बाद जरदारी ने मुशर्रफ को भेजे संदेश में उनसे इस्तीफा मांगते हुए कहा,‘किसी व्यक्ति या संस्था को ऐसा कोई दुस्साहस नहीं करना चाहिए, जिससे देश की राष्ट्रीय एकता संकट में पड़ जाए।’हालांकि मुशर्रफ ने कहा कि वे पीपीपी-पीएमएलएन के आरोपों का सामना किए बिना समर्पण नहीं करेंगे।
विकल्पों पर विचार :
मुशर्रफ ने संविधान विशेषज्ञ पीरजादा के साथ महाभियोग टालने के लिए संविधान के अनुच्छेद 58 (2बी) के प्रयोग सहित सभी संवैधानिक व कानूनी विकल्पों पर विचार-विमर्श किया। इस अनुच्छेद के तहत मुशर्रफ को संसद भंग कर प्रधानमंत्री को बर्खास्त करने और इमरजेंसी घोषित करने का अधिकार है। मुशर्रफ ने अपने सहयोगियों को महाभियोग प्रस्ताव को गिराने के लिए संसद में समर्थन जुटाने को भी कहा है।
मुशर्रफ को बर्थडे गिफ्ट!
पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के खिलाफ महाभियोग की कार्रवाई 11 अगस्त को नेशनल असेंबली का सत्र बुलाए जाने के साथ शुरू होगी। गौरतलब है कि उस दिन पाकिस्तानी राष्ट्रपति का 65वां जन्मदिन है। उनका जन्म 11 अगस्त 1943 को दिल्ली के ओल्ड क्वार्टर्स में हुआ था। पीपीपी के नेतृत्व वाली सरकार ने गुरुवार को अधिकृत दस्तावेज भेजकर उस दिन सत्र बुलाने को कहा है। माना जा रहा है कि उसी दिन महाभियोग प्रस्ताव लाया जाएगा।
भंग हो सकती है संसद
संविधान के अनुच्छेद 58(2बी) का उपयोग अंतिम विकल्प के रूप में किया जाएगा। इसके मुताबिक राष्ट्रपति को संसद भंग करने का अधिकार है।
-चौधरी शुजात हुसैन, अध्यक्ष, पीएमएलक्यू
फैसला पाक को करना है
यह उनका आंतरिक मामला है और इस पर पाकिस्तानी जनता को ही फैसला करना है। हमारी अपेक्षा इतनी ही है कि कोई भी कार्रवाई कानून के राज व पाकिस्तानी संविधान के मुताबिक होगी।
-गोंजालो गेलेगोज, प्रवक्ता अमेरिकी विदेश मंत्रालय