bhaskar Web English
HomeNewsPunjabAmritsar Amritsar

‘सिंह इज किंग’ का विरोध

अमृतसर.अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ अभिनीत फिल्म ‘सिंह इज किंग’ के शुक्रवार को रिलीज होते ही सिख संगठन भड़क गए। सिखों ने शहर के दो सिनेमाघरों में तोड़फोड़ की। इस संबंध में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इस बीच, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने फिल्म के नाम और अक्षय कुमार द्वारा निभाई गई सिख की भूमिका पर नाराजगी जताते हुए दोनों को बदलने की मांग की है।

सिख संगठनों की चेतावनी को देखते हुए यहां के सिनेमाघरों में सुबह से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। फिल्म के पहले शो के बाद प्रदर्शनकारी तलवारें और लाठियां लिए सिनेमाघरों में पहुंच गए और तोड़फोड़ की। पुलिस की कार्रवाई के बाद दर्शकों ने पुलिस अभिरक्षा में फिल्म देखी।

बदलो वरना.. : शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि फिल्म का टाइटल और मुख्य किरदार नहीं बदले गए तो संगठन फिल्म का देशव्यापी विरोध करेगा। कमेटी के प्रमुख अवतार सिंह मक्कड़ ने कहा कि फिल्म के मुख्य किरदार के स्वरूप से सिखों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

इधर क्लीन चिट :

इस बीच, फिल्म के एक सीन पर अक्षय कुमार द्वारा माफी मांगने के बाद दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान परमजीत सिंह सरना ने फिल्म को क्लीन चिट दे दी है। लेकिन एसजीपीसी प्रधान अवतार सिंह मक्कड़ ने इस पर ऐतराज जताते हुए कहा है, ‘सरना इस फिल्म को दिल्ली में ही चलवा लें, पर पंजाब में यह नहीं चलेगी।’

अब तक के विवाद

-फिल्म: ‘बोले सो निहाल’ (2005)

क्यों: सिखों के धार्मिक जयकारे पर आधारित फिल्म के नाम को लेकर।

-फिल्म : ‘प्रोवोक्ड’ (2005)

क्यों : शूटिंग के दौरान फिल्म यूनिट के सदस्यों पर बिना जूते उतारे गुरुद्वारों में प्रवेश का आरोप।

- फिल्म : वॉटर (2005)

क्या हुआ : हिंदू संगठनों ने मचाया बवाल। वाराणसी में इसकी शूटिंग के दौरान हुई तोड़फोड़।

-फिल्म : रामायण (2003)

क्यों : सलमान खान ने भगवान राम का रोल स्वीकार किया था। इसके बाद हिंदू संगठनों की धमकियों से परेशान होकर उन्होंने फिल्म ही छोड़ दी।

- फिल्म : ‘गदर- एक प्रेमकथा’(2001)

क्यों : एक सिख युवक और मुस्लिम युवती की शादी दिखाए जाने पर।

-फिल्म : ‘बांबे’(1995)

क्यों : एक हिंदू व्यक्ति के मुस्लिम लड़की से प्रेम विवाह करने को लेकर।

और टीवी शो भी

-2007 में एक टीवी शो के दौरान अभिनेत्री राखी सावंत के बाथरूम में भगवान बुद्ध की प्रतिमा रखे दिखाए जाने पर भी बौद्ध श्रद्धालुओं ने कड़ी आपत्ति जताई थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: