bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

जीतने योग्य महिलाओं को मिलेगा टिकट

शिवपुरी. भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा की ओर से ऐसी महिलाओं को विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया जाएगा, जो जीतने की स्थिति में होंगी, ताकि अगली सरकार बनाने में महिलाओं का योगदान हो। चुनाव से पूर्व महिला मोर्चा प्रत्येक पोलिंग बूथ स्तर पर दो सक्रिय महिला कार्यकर्ता तैयार करेगा।

श्रीमती सिंह शुक्रवार को विश्राम गृह में खबरनवीसों से चर्चा कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनाव का प्रशिक्षण देने के लिए गत 12 मई से भोपाल जिले से कारवां नामक अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत अभी तक भोपाल, इन्दौर संभाग के सभी जिलों में 100-100 महिला कार्यकर्ताओं को तैयार कर उन्हें घर-घर संपर्क करने की जवाबदेही सौंपी गई है। साथ ही इन सभी कार्यकर्ताओं को पहचान हेतु फोटो परिचय पत्र प्रदान किए गए हैं।

श्रीमती सिंह ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने महिलाओं, बालिकाओं के हित में कई योजनाएं मप्र में शुरू की हैं। जिनका प्रचार प्रसार करने के लिए महिला मोर्चा की कार्यकर्ताएं घर-घर जाएंगी। एक सवाल के जवाब में श्रीमती सिंह ने कहा कि संगठन के आला पदाधिकारियों की सोच प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्येक जिले से एक महिला उम्मीदवार खड़ा करने की है।

इससे महिला कार्यकर्ता उत्साहित हैं, लेकिन चूंकि पार्टी को एक बार फिर सरकार बनाना है इसलिए विधानसभा का चुनाव ऐसी महिलाओं को लड़ाया जाएगा जो जीतने योग्य हैसियत रखती होंगी। पत्रकारवार्ता में भाजपा की जिला मंत्री सिद्धि प्रधान, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मंजुला गर्ग समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

झूठे केस दर्ज कराती हैं कई महिलाएं
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने प्रदेश में महिला उत्पीड़न एवं हिंसा के मामले बढ़ने के पीछे कारण बताते हुए कहा कि अधिकांश महिलाएं जानबूझकर झूठे केस दर्ज कराती हैं। इससे सरकार की छवि पर विपरीत प्रभाव पड़ता है और बेकसूरों को भी नुकसान उठाना पड़ता है।

ऐसा नहीं होना चाहिए और समाज को इस दिशा में काम करने की जरूरत है। श्रीमती सिंह ने कहा कि महिला हिंसा के प्रकरणों में न्याय के लिए महिला आयोग की अध्यक्ष कृष्णकांता तोमर जिलों में जाकर संयुक्त बैंच लगा रही हैं और प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है।

पार्टी में यशोधरा राजे को भरपूर वजन
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सिंह ने ग्वालियर सांसद श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया की संगठन में उपेक्षा की बात को गलत ठहराते हुए कहा कि वे स्व. राजमाता विजयराराजे सिंधिया की बेटी हैं उन्होंने राजघराने का मोह छोड़कर राजनीति में अच्छा कार्य किया है। इसलिए पार्टी ने उन्हें विधायक से सांसद बनाया है। इसलिए यह कहना गलत है कि पार्टी संगठन में उनकी उपेक्षा की जा रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: