bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

नई ट्रेन इंदौर के लिए पटरी पर दौड़ी

ग्वालियर. रिमझिम वर्षा के बीच रेल राज्यमंत्री नारणभाई जे राठवा ने प्लेटफार्म नम्बर एक पर दुल्हन की तरह सजी नई एक्सप्रेस ट्रेन को लीवर खींचकर ग्रीन सिग्नल दिया। इसी के साथ ट्रेन इंदौर के लिए रेल पटरी पर दौड़ पड़ी।

उत्तर मध्य रेलवे द्वारा ग्वालियर-गुना-इंदौर एक्सप्रेस (इंटरसिटी) के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि रेल राज्यमंत्री श्री राठवा ने कहा कि वर्ष 2007-08 में रेलवे ने 25 हजार करोड़ रुपए लाभ कमाया था।

चालू वित्तीय वर्ष में यह लक्ष्य 30 हजार करोड़ रुपए रखा गया है। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, स्टेशनों पर स्वच्छ वातावरण बनाने व प्रदूषण को कम करने के लिए इस बार बजट में प्रावधान किए गए हैं। हमारा लक्ष्य देश के सुदूरवर्ती क्षेत्रों को रेल मानचित्र से जोड़ने, आर्थिक औद्योगिकी विकास के साथ यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का है।

रेलवे की योजना : रेल राज्यमंत्री ने रेलवे की योजना बताते हुए कहा कि भारतीय रेलवे में नई लाईन बिछाने, दोहरीकरण, तीसरी व चौथी लाइन डालने के साथ ही विद्युतीकरण के कार्यो में तेजी लाई जा रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए नए आरक्षण केन्द्रों की स्थापना, सभी स्टेशनों पर यूटीएस से टिकटों की बिक्री, व्यस्त सड़कों पर ऊपरी व नीचे पुल बनाने, मल्टी स्टोरी पार्किग, 24-26 डिब्बों की गाड़ियों को चलाने, प्लेटफार्म की लंबाई बढ़ाने का काम तेजी से चल रहा है।

राज्यमंत्री सिंधिया ने मांगी राजधानी के लिए इंटरसिटी : नई ट्रेन के शुभारंभ अवसर पर केन्द्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मेरी बुआ,सांसद यशोधरा राजे सिंधिया ने रेल राज्यमंत्री से प्लेटफार्म नम्बर चार के जीर्णोद्धार की मांग रखी है। हम उसमें कुछ और मांग जोड़ते हुए रेल राज्यमंत्री से कहते हैं कि भोपाल के लिए ग्वालियर से सीधी इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाई जाए। इसके अलावा नैरोगेज खंड को ब्राडगेज में तब्दील किया जाए। ग्वालियर स्टेशन का आधुनिकीकरण किया जाए और ग्वालियर से अहमदाबाद को जोड़ने के लिए यहां से सीधी रेल सेवा की सौगात ग्वालियरवासियों को दी जाए।

फोरलेन के लिए केन्द्रीय मंत्री सहयोग करें : विजयवर्गीय
प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की सड़कें काफी सुधर गई हैं। नेशनल हाईवे भी अच्छे हैं। मेरी दोनों केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री सिंधिया, श्री राठवा, सांसद यशोधराराजे सिंधिया व माया सिंह से गुजारिश है कि वे ग्वालियर से देवास के बीच फोरलेन बनाने के लिए केन्द्र सरकार से स्वीकृति दिलाने में मदद करें। मैं वादा करता हूं कि स्वीकृति मिलने के बाद दो साल में ग्वालियर-देवास के बीच फोरलेन मार्ग बिछा दिया जाएगा।

शहर विकास के लिए सभी एकजुट रहें : माया
राज्य सभा सदस्य माया सिंह ने कहा कि आज का दिन काफी अच्छा है। हम संसद व विधानसभा में मिलते हैं, वहां मतभिन्नता जरूर हो सकती है लेकिन शहर के विकास के लिए सभी को एक मंच पर आना चाहिए। मध्यभारत के समय ग्वालियर का इंदौर से भावनात्मक रिश्ता था। यह ट्रेन इस रिश्ते को और प्रगाढ़ बनाएगी।

नई ट्रेन से इंदौर जाने की कमी पूरी हुई : यशोधरा
सांसद यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर से इंदौर के बीच शुरू हुई नई ट्रेन से इंदौर से आने-जाने की कमी पूरी होगी। उन्होंने कहा कि प्लेटफार्म नम्बर चार के साथ रेलवे ने सौतेला व्यवहार किया है। इसका एक नम्बर प्लेटफार्म की तरह जीर्णोद्धार होना चाहिए।

सिंधिया के प्रयास से मिली ट्रेन : महापौर
महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि ग्वालियर-इंदौर के बीच एक नई ट्रेन सिंधिया के प्रयासों से ही मिली है। पिछले कुछ सालों में रेलवे ने ग्वालियर को कई रेल सुविधाएं प्रदान की हैं।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक विवेक सहाय ने पढ़ा। उन्होंने सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न् भेंट किए। मंच पर झांसी रेल मंडल के प्रबंधक पंकज कुमार भी उपस्थित थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: