bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

आईटी की क्षमता को निखारें

ग्वालियर. केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि आईटी को लेकर देश के हर बच्चे और नौजवान में भारी उत्साह है। वे इससे जुड़कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दृढ़ इच्छाशक्ति रखते हैं पर जरुरत उनकी क्षमता को निखारने की है।

श्री सिंधिया यहां शुक्रवार को डा. भगवत सहाय मेडिकल सभागार में ई-डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट का शुभारंभ कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आईटी का क्षेत्र आमजन के लिए उलझन भरा है, हमें लोगों के दिमाग से इस गलतफहमी को निकालना होगा, तभी इसका सही लाभ मिल पायेगा।

ग्वालियर के इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर का जिक्र करते हुए श्री सिंधिया ने कहा कि आज इस प्रोजेक्ट के उद्घाटन के साथ ग्वालियर में प्राचीनता के साथ आधुनिकता का समन्वय हो रहा है। यह क्षण मेरे लिए बेहद खुशी का क्षण है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी को याद करते हुए कहा कि बीस बरस पहले राजीव जी ने जिस कम्प्यूटर क्रांति का बीज रोपा था,आज वह जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि ई-डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट के फलस्वरूप आम आदमी के लिए सरकारी तंत्र से जुड़ा कामकाज न केवल सरल होगा बल्कि इससे लोगों को रोजगार भी मिलेगा।

प्रदेश के लोकनिर्माण और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में केंद्रीय रेल राज्यमंत्री नारण जे राठवा, सांसद यशोधरा राजे सिंधिया,राजस्व राज्यमंत्री नारायणसिंह कुशवाह,महापौर विवेक शेजवलकर,आईटी सचिव अनुराग जैन,संभागीय आयुक्त डा. कोमलसिंह, कलेक्टर आकाश त्रिपाठी और भारत सरकार केआईटी विभाग की प्रमुख सलाहकार राधा चौहान समारोह में विशेष रूप से उपस्थित थे।

- तो पहले नम्बर पर होगा प्रदेश
समारोह की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश के लोनिवि और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि ई-गवर्नेस के मामले में मध्यप्रदेश आज देश में दूसरे नम्बर पर है। केंद्र सरकार में संचार और सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री के रूप में श्री सिंधिया का जो सहयोग हमें मिल रहा है,वह मिलता रहा तो जल्द ही हम इस क्षेत्र में पहले नम्बर पर होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के मुखिया शिवराज सिंह चौहान पहले ही दिन से इस बात की चिंता में लगे हैं कि जनता को ब्यूरोक्रेसी चक्करों और भ्रष्टाचार से कैसे बचाया जाये? उन्होंने कहा कि यह समस्या किसी एक प्रदेश की नहीं बल्कि पूरे देश की है। इसके लिए हर काम में पारदर्शिता जरूरी है।

श्री विजयवर्गीय ने कहा कि ई गवर्नेस के माध्यम से हम पब्लिक को इन लाइन की जगह आन लाइन करने के साथ-साथ हर काम में पारदर्शिता लाना चाहते हैं। इस दिशा में ई-गवर्नेस सबसे बेहतर माध्यम है। इसके जरिए हम प्रदेश में बिना छुट्टी वाली यानी चौबीस घंटे वाली सरकार देना चाहते हैं।

बड़ोदा को भी दें प्रोजेक्ट : राठवा
केंद्रीय रेल राज्यमंत्री नारण जे राठवा ने प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए श्री सिंधिया से आग्रह किया कि वे गुजरात आयें और इस प्रोजेक्ट को बड़ोदा के लिए भी स्वीकृति दें। उन्होंने कहा कि यह सुविधा एक तरह की संपर्क क्रांति और सभी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है जिससे लोग पंचायत से लेकर सीधे केंद्र तक जुड़ेंगे। बाद में श्री सिंधिया ने उनकी इस मांग को पूरा करने की घोषणा भी मंच से की।

भ्रष्टाचार भी खत्म होगा : यशोधरा
सांसद यशोधरा राजे ने अपने भाषण में कहा कि इस योजना का लाभ न केवल ग्वालियर बल्कि अंचल के गुना और शिवपुरी जिले के लोगों को भी मिलेगा। इस सुविधा से न केवल समस्याएं कम होगीं बल्कि भ्रष्टाचार से भी राहत मिलेगी। उन्होंने याद दिलाया कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में सुषमा स्वराज ने ग्वालियर में इंटरनेट सुविधा की शुरुआत की थी। इसी तरह सात साल पहले शिवपुरी में क्रियोस्क सुविधा का शुभारंभ हुआ था। सुश्री राजे ने मंच पर केंद्रीय राज्यमंत्री सिंधिया की खुलकर तारीफ की।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: