News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. नेशनल रिमोट सेंसिंग से मिली सूचना के आधार पर लापता हेलिकाप्टर को ढूंढ़ने निकली पुलिस पार्टी को हेलिकाप्टर नहीं मिला। रिमोट सेंसिंग ने दो संकेत दिए थे। पहले स्थान पर नक्सलियों के शहीद स्मारक मिले और दूसरी जगह कुछ ट्रैक्टर।
नेशनल रिमोट सेंसिंग ने गंगालूर और तालनार में हेलिकाप्टर होने का इशारा किया था। दोनों जगह पुलिस पार्टी रवाना की गई। तालनार में ट्रैक्टर खड़े मिले और गंगालूर में नक्सलियों के शहीद स्मारक। अलबत्ता गंगालूर जा रही पुलिस पार्टी पर नक्सलियों ने हमला बोल दिया।
बस्तर आईजी एएन उपाध्याय ने बताया कि पुलिस पार्टी पर आते-जाते समय चार बार फायरिंग की गई। दो हमले तेज थे, लेकिन नक्सली दूर से फायरिंग कर रहे थे इसलिए फोर्स को नुकसान नहीं पहुंचा।
संचालक विमानन अनिल टुटेजा ने बताया कि हेलिकाप्टर की खोज के लिए वन विभाग और राजस्व विभाग की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। बस्तर कमिश्नर जीएस मिश्रा ने दंतेवाड़ा तहसीलदार के नेतृत्व में गश्ती दल गठित किया है। गांव-गांव में पर्चे बांटे जा रहे हैं। जंगल में नक्सली पुलिस पार्टी पर हमला करते हैं लेकिन ग्रामीणों को छोड़ देते हैं, इसलिए ग्रामीणों की मदद ली जा रही है। इसमें स्थानीय लोगों को जोड़ा जा रहा है।
हवाई सर्वे में कठिनाई
मौसम खराब होने के कारण हेलिकाप्टर की तलाश में हवाई सर्वे में कठिनाई हो रही है। पुलिस के दो हेलिकाप्टरों के अलावा आंध्रप्रदेश के हेलिकाप्टर और वायुसेना के दो हेलिकाप्टर तैयार हैं लेकिन उनकी बराबर उड़ान भी नहीं हो पा रही है। जिंदल कंपनी के हेलिकाप्टर की भी आज मदद ली गई लेकिन वह भी ज्यादा उड़ान नहीं भर सका।
बासागुड़ा के आसपास नीचे उड़ा हेलिकाप्टर : ग्रामीणों ने प्रशासनिक अफसरों को सूचना दी है कि रविवार को बांसागुड़ा के आसपास हेलिकाप्टर काफी नीचे उड़ान भर रहा था। इस आधार पर बासागुड़ा के आसपास हेलिकाप्टर की तलाश की जा रही है।