News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. आयल कंपनियों की मनमानी के कारण शहरी क्षेत्र के पेट्रोल पंप आए दिन ड्राई हो जाते हैं। दो महीने में छह बार ऐसी स्थिति निर्मित हुई, जब लोगों को पेट्रोल के लिए भटकना पड़ा।
शहर में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के चार पंप हैं, जिनमें बलराज, राजेश, आस्था व रामदास पेट्रोल पंप शामिल हैं इसी तरह भारत पेट्रोलियम के अंतुलाल व बुखारी दो पंप और इंडियन आयल का एकमात्र मोतीलाल पेट्रोल पंप है।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम के डिपो में कम सप्लाई होती है, जिससे शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों में सप्लाई पर असर पड़ता है। इंडियन आयल के डिपो में नियमित सप्लाई होती है, इसलिए इसके पंपों में स्थिति सामन्य रहती है।
भारत पेट्रोलियम का डिपो यहां न होने के कारण इसकी सप्लाई भिलाई से की जाती है। तेल उद्योग के राज्य समन्वयक संजीव कुमार चौधरी को भेजे गए अर्धशासकीय पत्र में कलेक्टर सुबोध कुमार सिंह ने कहा है कि लगातार शार्ट सप्लाई से व्यवस्था पर असर पड़ रहा है, लिहाजा वे तीनों कंपनियों के बीच समन्वय बनाकर सप्लाई सुधारने के लिए निर्देश जारी करें। उल्लेखनीय है कि राज्य समन्वयक प्रदेश में केंद्र शासन के प्रतिनिधि होते हैं, जो आयल कंपनियों के बीच समन्वय बनाने का काम करते हैं।
गैस एजेंसियों पर सख्ती
गैस सिलेंडर न मिलने की शिकायतों के मद्देनजर फूड कंट्रोलर ने सभी गैस एजेंसियों के संचालकों की मीटिंग ली। उन्होंने वेटिंग लिस्ट के अनुसार ही गैस सिलेंडर देने के निर्देश दिए हैं। समय-समय पर जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि वेटिंग लिस्ट के अनुसार सिलेंडर दिया जा रहा है या नहीं?
आज आएगी रैक
डिपो के अधिकारियों ने खाद्य विभाग को जानकारी दी है कि विशाखापट्टनम् से पेट्रोल-डीजल का रैक 9 अगस्त को बिलासपुर पहुंच जाएगा। इसके बाद सप्लाई में सुधार आने की उम्मीद है। इधर आज मंदिर हसौद के लिए भी टैंकर रवाना कर दिए गए हैं।