bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

तत्काल रिलीव होंगे अटैच टीचर

बिलासपुर. कलेक्टर ने शुक्रवार को विभिन्न महकमों के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों के अटैचमेंट पर रोक लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि अटैच किए गए शिक्षकों को तत्काल रिलीव करने के लिए कहा है।

सात घंटे चली मैराथन मीटिंग में बारिश के बाद होने वाले कार्यो की रूपरेखा बनाई गई, वहीं लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को फटकार लगाई गई।

कलेक्टोरेट में आज का दिन बैठकों के नाम रहा। सुबह 11 बजे से शुरू हुई बैठक में एक के बाद एक विभिन्न विभागों के अधिकारियों को बुलाया गया और उनसे संबंधित कार्यो की जानकारी ली जाती रही। शाम 6 बजे जनपद सीईओ की बैठक के बाद यह दौर खत्म हुआ। शिक्षाकर्मियों की हड़ताल के मद्देनजर शिक्षकों के अटैचमेंट का नियम अब हमेशा के लिए खत्म कर दिया गया है।

कलेक्टर सुबोध कुमार सिंह ने अधिकारियों से कहा है कि अटैच किए गए शिक्षकों को तत्काल मूल पदस्थापना स्थान पर भेजने के लिए कार्रवाई करें। इसमें कोई समझौता न किया जाए। इस फैसले से जिले के 500 से अधिक शिक्षकों का अटैचमेंट खत्म हो जाएगा, जो दफ्तर या अन्य स्कूलों में अटैच हैं।

कार्यो के इस्टीमेट व मूल्यांकन में देरी पर कलेक्टर ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तखतपुर के एसडीओ को जमकर फटकार लगाई। वे अभी कोटा में प्रभारी ईई भी हैं। उनसे कहा गया है कि रोजगार गारंटी व अन्य योजनाओं के कार्यो में देर होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह सर्व शिक्षा अभियान के तहत नगरीय क्षेत्रों में बन रहे मिडिल व प्राथमिक स्कूल भवनों के निर्माण में विलंब पर नाराजगी जताई गई। मध्याह्न् भोजन योजना के कंप्यूटराइजेशन, रोजगार गारंटी योजना के तहत होने वाले कार्यो व अन्य गतिविधियों की जानकारी लेकर कलेक्टर ने अफसरों को निर्देश दिए।

सरपंच, सचिव जाएंगे जेल
बैठक के दौरान जिला पंचायत की सीईओ संगीता पी. ने कलेक्टर को जानकारी दी कि लोरमी ब्लाक के अंतर्गत ग्राम पंचायत पेंड्री के सरपंच व सचिव रोजगार गारंटी एवं अन्य योजनाओं के मद से करीब 11 लाख रुपए आहरित कर गायब हो गए थे। सूचना मिली है कि दोनों वापस गांव आ गए हैं। कलेक्टर ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाकर उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।

661 वन अधिकार पत्रों का अनुमोदन
जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक में दूसरे चरण में 661 वन अधिकार पत्रों का अनुमोदन किया गया। वनवासियों को अधिकार पत्रों का वितरण 15 अगस्त के बाद शुरू कर दिया जाएगा। इससे पूर्व पहली बैठक में करीब 5 हजार पत्रों का अनुमोदन किया जा चुका है। इस दौरान एडिशनल कलेक्टर धनंजय देवांगन, डीएफओ एसडी बड़गैया, एसडीएम संजय अग्रवाल सहित समिति के सदस्य मौजूद थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: