News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati नीमकाथाना. श्री हनुमान सेवक परिवार व दैनिक भास्कर के सहयोग से चंदुका गार्डन में लगे रक्तदान शिविर में शुक्रवार को हजारों लोग रक्तदान करने के लिए पहुंचे। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। रक्तदान के लिए दोपहर तक 511 लोगों का रजिस्ट्रेशन किया गया। रक्तदान में जुटी एसएमएस व दुर्लभजी अस्पताल जयपुर की टीम के पास सामान की कमी होने से दोपहर बाद पहुंचने वाले लोगों को बिना रक्तदान किए लौटना पड़ा। सुबह आठ बजे शिविर शुरू होने के साथ ही रक्तदान के लिए लोगों का जुटना शुरू हो गया। राजनीतिक, सामाजिक, व्यापारिक व धार्मिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए शिविर में पहुंचे।
चंदुका गार्डन में हाल में दोनों अस्पतालों की टीम व श्री हनुमान सेवक परिवार, स्काउट्स व सामाजसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता रक्तदान के लिए दिनभर जुटे रहे। महिला संगठनों में भी रक्तदान के लिए खासा उत्सह रहा। महिला अग्रवाल समाज समिति की डायरेक्टर स्नेहा अग्रवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं भी रक्तदान के लिए पहुंची।
पंस प्रधान मानसिंह सामोता, कांग्रेस नेता रमेश खंडेलवाल, उद्योग संघ के संरक्षक त्रिलोक दीवान, उद्योग संघ के अध्यक्ष दौलतराम गोयल, युवा नेता धर्मपाल गुर्जर, भाजपा नेता विजय बंसल, कांग्रेस नेता महेश मेगोतिया, भाजपा नेता जेपी लोढ़ा सहित कई राजनीतिक दलों के नेता भी अपने-अपने कार्यकर्ताओं के साथ रक्तदान करने पहुंचे। एसएमएस अस्पताल जयपुर की टीम ने शिविर में 119 यूनिट रक्तदान कराया।
दुर्लभजी अस्पताल जयपुर की टीम ने शिविर के दौरान 266 यूनिट रक्तदान कराया। दोपहर बाद दोनों अस्पतालों की टीमों के पास रक्त बैग समाप्त होने से बड़ी संख्या में लोगों को रक्तदान से वंचित रहना पड़ा। आयोजक समिति व रक्तदान में जुटे लोगों ने बताया कि शिविर में रिकार्ड लोगों ने रक्तदान कर लक्ष्य से अधिक रक्तदान का रिकार्ड बनाया।
रजिस्ट्रेशन व रक्तदान के लिए कतारें
विशाल रक्तदान शिविर में सुबह से ही रजिस्ट्रेशन कराने व रक्तदान करने के लिए लोगों की कतारें लगी रही। दोनों स्थानों पर लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। महिलाओं को भी शिविर में रक्दान के लिए कतारों में खड़ा रहकर इंतजार करना पड़ा। शिविर में रक्तदान के प्रति लोगों में खासा उत्साह रहा। दिनभर लोग शिविर में रहकर रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित करने के साथ सहयोग करते रहे। शिविर में लोगों की भीड़ को देखते हुए रजिस्ट्रेशन व रक्तदान काउंटरों को बढ़ाया गया। इसके बावजूद लोगों को अपनी बारी के लिए इंताजार करना पड़ा।
डाक्टरों को दी विदाई
रक्तदान शिविर के समापन पर चंदुका गार्डन में एसएमएस व दुर्लभजी अस्पताल के डाक्टरों की टीम को समारोहपूर्वक विदाई दी गई। श्री खेड़ावाले बालाजी मंदिर के पुजारी शुभकरण महाराज ने डाक्टरों को तिलक लगाकर प्रतीक चिह्न् भेंट किया। इस मौके पर एसडीएम कमरूद्दीन उस्मानी ने शिविर के सफल आयोजन पर आयोजन समिति व डाक्टरों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा के लिए रक्तदान से बड़ा कोई कार्य नहीं। इस मौके पर एक्सईएन पीडब्ल्यूडी, श्री हनुमान सेवक परिवार के सुभाष अग्रवाल, मुकेश नाड़, दौलत शर्मा, केदार केडिया, अशोक सुरी, मनोज चौधरी, मनोज पंडा, बजरंग मेगोतिया, रामशरण मेगोतिया, गोविंदा, ललित पटवारी, श्रवण पंसारी, पवन मेगोतिया, राकेश कुमार, संदीप बंटी, सतीश मित्तल, नरेश सुंडा, राकेश टिल्लू, राकेश प्रेस, अनिल अग्रवाल कोषाध्यक्ष, सांवरमल गर्ग सहित कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।