News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati झुंझुनूं. जीएनएम के एक प्रशिक्षु युवक ने अपने घर में बीती रात फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। इसके बाद उसके ही बैच में जीएनएम की ट्रेनिंग ले रही एक छात्रा ने भी शुक्रवार दोपहर मनसा माता मंदिर की छत से पहाड़ी की खाई में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार शहर के एक निजी नर्सिग स्कूल के प्रशिक्षु छात्र बापू बस्ती निवासी आनंद (23) पुत्र राजकुमार अपने ही घर में फांसी पर झूल गया। आनंद के पास मिले सुसाइड नोट में उसने स्कूल के टीचर्स पर परेशान करने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या की बात कही है।
वह गुरुवार की रात अपने घर में सोया था, जिसे घरवालों ने सुबह स्टोर रूम में फांसी पर लटका देखा। उधर इसी स्कूल में जीएनएम थर्ड ईयर की प्रशिक्षु छात्रा चारणवास की 22 वर्षीया सुनीता ने दोपहर में मनसा माता मंदिर की छत से पहाड़ी की खाई में छलांग लगाकर जान दे दी। इलाके के लोगों ने पहाड़ी में उगी कई कीकरों को काटकर छात्रा को बाहर निकाला और लहुलुहान हालत में आटो रिक्शा से राजकीय बीडीके अस्पताल में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने छात्रा के सिर, चेस्ट व पैर में गहरी चोट होने से हालत गंभीर होने के कारण जयपुर रैफर कर दिया लेकिन रानोली-रींगस के बीच उसने दम तोड़ दिया। ऐसे में उसकी लाश वापस बीडीके अस्पताल लाई गई, जहां शाम को उसकी लाश मोर्चरी में रखवा दी गई। पोस्टमार्टम शनिवार सुबह होगा।
सुबह 10 बजे आई थी मनसा मंदिर
इलाके के लोगों ने बताया कि यह छात्रा सुबह 10 बजे पहाड़ी पर बसे मनसा माता मंदिर में आई थी। यहां उसने अपने जूते उतारे, स्कूल बैग मंदिर के सामने रखा और माई के दर्शन किए। इसे कई देर तक उसे मंदिर परिसर में छत पर घूमते देखा गया।
वह मंदिर के कुछ नीचे बने कुंड के पास रैलिंग पर भी काफी देर बैठी रही। उस समय यहां बारिश की फुहारें गिर रही थी। कुछ देर बाद इलाके के लोगों ने देखा कि वह पहाड़ी की खाई में गिर गई। अस्पताल में होश में आने के बाद वह एक नाम बार-बार पुकार रही थी।