कोटा. ऑल इंडिया काजी बोर्ड की ओर से आतंकवाद के खिलाफ जागरूकता पैदा करने व इससे मुस्लिमों को जोड़ने के विरोध में मौन जुलूस निकाला गया।
बोर्ड के महासचिव मौलाना फजले हक व प्रदेश संयोजक हाजी हशरुद्दीन पठान के नेतृत्व में शुक्रवार को निकली मौन रैली का शुभारंभ सब्जीमंडी स्थित हजीरे वाले बाबा की दरगाह से किया गया। रैली में मुस्लिम समाजबंधु नारे लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। मौन रैली सब्जीमंडी, सरोवर, लक्खी बुर्ज होते हुए अंटाघर स्थित शहीद स्मारक पर सभा में तब्दील हो गई।
देश के लिए मर मिटने को तैयार
सभा में मौलाना फजले हक ने कहा कि मुस्लिम अपने वतन के लिए जान की बाजी लगाने को भी तैयार हैं, वहीं हकीकत यह है कि आतंकवाद का सबसे ज्यादा शिकार मुस्लिम ही हैं।
हशरुद्दीन पठान ने कहा कि इस्लाम की खुली शिक्षाएं आतंकवाद के विरुद्ध हैं। पार्षद आमीन पठान ने कहा कि देश में प्रत्येक मुसलमान शांति व सद्भावना चाहता है। सभा को मौलाना सईद मुख्तार, एजाज अहमद खान सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। रैली संयोजक बफाती खान ने आभार जताया।
कलेक्टर को आज देंगे ज्ञापन
आल इंडिया काजी बोर्ड की ओर से शनिवार को आतंकवाद से मुस्लिमों को सीधे जोड़े जाने के विरोध में कलेक्टर को ज्ञापन दिया जाएगा। मौन जुलूस में शहर कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जफर मोहम्मद, मुस्लिम महासभा के अध्यक्ष लियाकत अली, उपाध्यक्ष हुसैन सोलंकी भी शरीक हुए।
नांता मस्जिद में उमड़े समाजबंधु
नांता मार्ग स्थित गोसिया मस्जिद के इमाम हाजी अब्दुल करीम अंसारी ने मगरीब की नमाज में मुल्क में अमन चैन की दुआ की। पार्षद उमर सीआईडी ने बताया कि इस अवसर पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौजूद थे। इस अवसर पर विचार गोष्ठी भी हुई।