|
लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष और उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने दावा किया है कि देश की अगली प्रधानमंत्री वे ही बनेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए कांग्रेस व भाजपा सहित कुछ पार्टियां उनकी हत्या भी करवा सकती हैं।
यहां शनिवार को आयोजित पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में मायावती ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दलित की बेटी को प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए कुछ भी कर सकते हैं,क्योंकि दोनों ही दल उनके प्रधानमंत्री बनने की संभावना से डरे हुए हैं। उन्होंने कहा‘जातिवादी मानसिकता वाले लोग मुझे प्रधानमंत्री बनने नहीं देना चाहते। यदि दलित की बेटी उत्तरप्रदेश जैसे राज्य की चार बार मुख्यमंत्री बनकर अच्छा शासन चला सकती है, तो वह देश की प्रधानमंत्री क्यों नहीं बन सकती?’
हत्या की जताई आशंका : मायावती ने आशंका जताई है कि राज्य विधानसभाओं व लोकसभा के चुनाव से पहले उन्हें जेल भेजा जा सकता है या किसी साजिश के तहत नक्सली या आतंकी हमले में उनकी हत्या करवाई जा सकती है।
मायावती ने तय किया अपना उत्तराधिकारी : बसपा प्रमुख मायावती ने अधिवेशन में अपना उत्तराधिकारी तय किए जाने की घोषणा कर सभी को चौंका दिया। उन्होंने फिलहाल उत्तराधिकारी के नाम का खुलासा नहीं किया है।
मायावती ने बताया कि उत्तराधिकारी उनसे उम्र में 18 साल छोटा और दलित वर्ग का है,लेकिन उनके परिवार का सदस्य नहीं। उन्होंने बताया कि उसका नाम पार्टी के लेटरहेड पर लिखकर दो खास लोगों के पास रख दिया गया है। उनके नहीं रहने पर वह नाम सामने आएगा या फिर काफी अस्वस्थ होने पर वे खुद नाम उजागर कर देंगी।