News
International International बीजिंग.
पहले से ही इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि बीजिंग ओलिंपिक के समय कहीं बारिश रंग में भंग न डाल दे।
इसका कारण अगस्त-सितंबर माह में चीन में अधिक बारिश का होना है। शुक्रवार को उद्घाटन समारोह के दौरान आकाश में घुमड़ रहे बादलों को दूर भगाने के लिए चीन ने हजारों रॉकेट दागे।
दागे गए हजारों राकेट : उद्घाटन समारोह को बारिश से बचाने के लिए खेल आयोजकों ने शहर के विभिन्न 21 स्थलों से बादल भगाने वाले लगभग 1104 रॉकेट दागे। जिससे कि उद्घाटन समारोह में खलल न पड़े। अगर चीन की ओर से बादलों को दूर भगाने के इंतजाम नहीं किए गए होते, तो इतिहास के इस उद्घाटन समारोह का अद्भुत नजारा देखने से हम सभी वंचित रह जाते।
बादल भगाने की पहली बड़ी मुहिम : मौसम विभाग के अनुसार चीन में बादलों को दूर भगाने की यह अब तक की सबसे बड़ी और ओलिंपिक उद्घाटन को मौसम से बचाने की अपनी तरह की पहली कवायद थी। आयोजक आतंकी कार्रवाई को ओलिंपिक के सकुशल आयोजन के लिए सबसे बड़ी चुनौती और बारिश को सबसे बड़ी चिंता मान रहे थे।
समारोह के लिए करोड़ों का बजट : उद्घाटन और समापन समारोह के लिए चीन ने लगभग 4500 करोड़ रुपए खर्च करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। समारोह के लिए निर्धारित यह राशि एथेंस ओलिंपिक से दोगुनी है।