कोलंबो.
श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और निर्णायक क्रिकेट टेस्ट में जहां भारत की पहली पारी सस्ते में निपटी थी वहीं अब उसके खिलाड़ियों के चोटिल होने की कतार भी लंबी होती जा रही है।
दूसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले ही खबर आई कि दायें हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज वी.वी. एस लक्ष्मण अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए हैं। लक्ष्मण क्षेत्ररक्षण अभ्यास के दौरान अपना टखना चोटिल करा बैठे थे। बाद में उनका एमआरआई स्कैन कराया गया। वह दिनभर मैदान में नहीं उतरे। लक्ष्मण की जगह रोहित शर्मा ने क्षेत्ररक्षण किया।
भारत के लिए मुसीबत यहीं कम होने वाली नहीं थी। लंच के बाद श्रीलंका पारी के ४७ वें ओवर में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर कैच लेते समय अपनी बायीं कोहुनी चोटिल करा बैठे। उन्हें तुरंत बर्फ की सिकाई दी गई। बाद में उनके हाथ पर क्रैप बैंडेज लगाया गया।
सचिन की जगह दिनेश कार्तिक मैदान में क्षेत्ररक्षण के लिए उतरे। इसके कुछ देर बाद ही तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा श्रीलंकाई पारी का ७३ वां ओवर फेंकते समय अपना टखना चोटिल करा बैठे। वह इस ओवर की तीन गेंदें ही फेंक सके थे कि उन्हें चोट के कारण मैदान के बाहर जाना पड़ा।
हरभजन सिंह ने उनकी बाकी की तीन गेंदें फेंकी। हालांकि अभी ईशांत के चोट के बारे में पक्की जानकारी नहीं मिल पाई। लेकिन इन सबके बावजूद भारत के लिए सुकून की बात ये है कि सचिन और लक्ष्मण के दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने की उम्मीद है।