News
International International मास्को. अलगाववादी दक्षिण ओसेशिया प्रांत को लेकर जार्जिया और रूस के बीच छिड़े संघर्ष के दूसरे दिन शनिवार को रूसी सेना ने संवेदनशील शिविरों पर जमकर बमवारी की है।
रूस ने संघर्ष में 1500 लोगों के मारे जाने का दावा किया है। जार्जिया का दावा है कि ताजा संघर्ष में उसके सिर्फ 30 सैनिक मारे गए हैं। उसने रूस के 10 लड़ाकू विमान गिराने का दावा किया है।
रूस के विदेशमंत्री सर्गेई लेवरोव ने बताया कि रूस समर्थित अलगाववादी प्रांत में जॉर्जिया की सेना के खिलाफ उसकी सैन्य कार्रवाई में 1,500 लोगों की मौत हुई है।
रूस ने माना कि संघर्ष में उसके 12 सैनिक मारे गए हैं। उधर, जॉर्जिया के राष्ट्रपति मिखाइल साकाशविली ने टीवी पर प्रसारित राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक में कहा, ‘जॉर्जिया पूरी तरह सेना के हवाले है।’ हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उनका देश अभी भी युद्धविराम की इच्छा रखता है। संघर्ष को देखते हुए जार्जिया ने इराक से अपने 2,000 सैनिकों को वापस बुलाने का फैसला लिया है।
राजधानी तबाह : दक्षिण ओसेशिया की राजधानी स्खिनवाली में अधिकांश इलाके खंडहर में तब्दील हो गए हैं। टीवी फुटेज में जॉर्जिया के जलते टैंक दिखाई दे रहे हैं।
जॉर्जिया के विदेश मंत्री रिचर्ड गाल्पिन का कहना है कि रूसी लड़ाकू विमानों के हमले में पोटी बंदरगाह पूरी तरह तबाह हो गया है। गौरतलब है कि पोटी से जॉर्जिया बड़े पैमाने पर तेल निर्यात करता है।
क्या है मामला
रूस समर्थित अलगाववादी दक्षिण ओसेशिया और जॉर्जिया की सेना के बीच पिछले कई दिनों से लड़ाई चल रही है। गुरुवार रात जॉर्जिया की सेना ने इस क्षेत्र पर कब्जा करने के लिए जोरदार हमला किया तो रूस ने अपने टैंकों के साथ चढ़ाई कर दी। दक्षिण ओसेशिया 1992 से ही जॉर्जिया के नियंत्रण से बाहर रहा है।