इंदौर. लगातार बढ़ती आबादी की रोकथाम के लिए सरकार शादी से परिवार नियोजन ऑपरेशन कराने तक तीन बार पुरस्कार देगी। इसके लिए जोड़ों को तय नियमों का पालन करना होगा।
भारत सरकार ने इसे ‘प्रेरणा’ नाम दिया है। यह पिछले साल जोधपुर में शुरू की गई थी और अब इंदौर का चयन हुआ है। यहां पंद्रह अगस्त को सर्वे के साथ शुरुआत होगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद पंडित ने बताया इसके लिए सरकार ने फंड भी जारी कर दिया है। शुरुआत में 30 जोड़ों के लिए फंड मिला है इसलिए जिला प्रशासन ने कुछ नियम स्थानीय स्तर पर बनाए हैं। इसके तहत पुरस्कार पर पहला हक बीपीएल परिवार के व्यक्ति का होगा। इसके बाद अनुसूचित जाति, जनजाति व पिछड़ा वर्ग को प्राथमिकता मिलेगी। फिर राशि बची तो सामान्य वर्ग की बारी आएगी। कोशिश रहेगी सरकार से ज्यादा से ज्यादा राशि बुलाएं।
ऐसे मिलेंगे तीनों पुरस्कार
पहला- शादी के समय युवती 19 व युवक 21 वर्ष का हो तो पांच हजार का पुरस्कार।
दूसरा- शादी के दो वर्ष बाद पहला बच्च होने पर पत्नी को पुरस्कार। लड़का हुआ तो पांच हजार व लड़की हुई तो सात हजार रुपए।
तीसरा- उसके तीन वर्ष बाद दूसरा बच्च होने पर दंपति को पांच हजार का पुरस्कार, बशर्ते दोनों में से कोई एक परिवार नियोजन ऑपरेशन कराए।
उसके बाद- तीनों पुरस्कार पाने वाले दंपति का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा।
आसान नहीं लागू करना
इस प्रोजेक्ट के लिए सरकार ने किसी तरह की वर्ग या जाति भिन्नता नहीं रखी है जिससे काफी संख्या में दंपति आएंगे। शादी के समय ही पांच हजार रुपए देना है। फिर लगातार निगाह रखना होगी कि पहला पुरस्कार पाने वाले जोड़े नियमों का पालन कर रहे हैं या नहीं।