bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

पांच लाख चुराए,18 दिन ऐश

ग्वालियर. पुणो से पांच लाख रुपए चोरी कर ग्वालियर और इंदौर में ऐश कर रहे चोर नौकर को गुरुवार की रात इंदौर में गश्त के दौरान संदेहप्रद में हालत में पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़ा गया चोर पिछले 18 दिन से ग्वालियर के इंदरगंज थाना क्षेत्र में फूलबाग गुरुद्वारे के सामने स्थित मिड वे होटल में रह रहा था।

पकड़ा गया युवक सागर कामटे पुणो के चिंचवड़ थाना क्षेत्र की सरई फूड प्रोडक्शन फैक्टरी में नौकरी कर रहा था। सागर ने फैक्टरी से साढ़े चार लाख चुराए और ऐशोआराम के लिए निकल पड़ा। ग्वालियर आकर उसने होटल मिड-वे में किराए का कमरा लिया और खाने-पीने से लेकर कालगर्ल के साथ खूब मस्ती की।

चार रोज पहले वह इन्दौर घूमने गया। गुरुवार को रात्रि गश्त में पुलिस ने संदेही हालत में घूमते हुए सागर को पकड़ लिया। जब उससे पूछताछ की तो वह टूट गया और सारा राज उगल दिया। इन्दौर पुलिस ने इसकी सूचना महाराष्ट्र पुलिस को दी। महाराष्ट्र पुलिस इन्दौर पहुंची और सागर को गिरफ्तार कर ग्वालियर ले आई।

महाराष्ट्र पुलिस आने से मचा हड़कंप
शनिवार को दोपहर में जब महाराष्ट्र पुलिस चोर को साथ ले होटल मिड-वे पहुंची तो हड़कंप मच गया। खबर लगते ही इंदरगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। महाराष्ट्र पुलिस के कहने पर सागर ने खाने-पीने से लेकर कालगर्ल के साथ मौज करने की जब कहानी सुनाई तो इंदरगंज थाना पुलिस सन्न रह गई। होटल में काफी मजमा लग रहा।

दोस्ती गांठकर किए ऐशोआराम
केवल 18 दिन में सागर ने जहां महंगे कपड़े खरीदे वहीं होटल के सुरक्षा गार्ड, वेटर से लेकर आसपास स्थित बड़ी कंपनियों के शोरूम के कर्मचारियों तक ने सागर से दोस्ती गांठकर चोरी की रकम से जमकर ऐश किया। इनमें नरेन्द्र शर्मा, राहुल मोरे, श्याम कुशवाह, हाकिम सिंह, कोमल वंशकार नामक युवक लिप्त हैं।

कालगर्ल पर खर्च किए 34 हजार रुपए
महाराष्ट्र पुलिस दल के उप निरीक्षक विश्वास जातक के अनुसार होटल के नजदीक स्थित एक एसटीडी संचालक बबलू शर्मा ने भी सागर के ऐशोआराम में साथ दिया। बबलू ने पूजा नामक कालगर्ल को सागर से मिलवाया।

सागर ने पूजा को 10 हजार रुपए नगद और 10 रुपए कीमत का मोबाइल सेट दिलाया। बबलू ने सागर से 14 हजार रुपए नगद लिए। इसके अलावा सागर ने 18 दिन में 52 हजार रुपए होटल का किराया चुकाया।

वेटर को पांच सौ रुपए की टिप
रातों रात लखपति बना सागर, चोरी की रकम को पानी की तरह बहा रहा था। एक रोज वह काफी पीने जिन्सी नाला स्थित एक होटल पहुंचा। वेटर को जब उसने पांच सौ रुपए की टिप दी तो होटल संचालक दंग रह गया। जब सागर से पूछताछ की तो वह इधर-उधर की बातें कहकर खिसक गया। होटल संचालक ने इसकी खबर पुलिस को दी लेकिन तब पुलिस ने सूचना को तवज्जो नहीं दी। छोटी चोरी से हौसले बुलंद
सबसे पहले सागर ने 11 जुलाई 07 को फैक्टरी से सात हजार रुपए चुराए उसके बाद मालिक के घर से 80 हजार रुपए चुरा लिए। पुलिस कार्रवाई न होने से उसके हौसले बढ़ते गए और फैक्टरी से साढ़े चार लाख रुपए चुराकर भाग निकला।

पुलिस कार्रवाई नहीं
सागर के रुपयों पर ऐश कर रहे लोगों के विरुद्ध इंदरगंज थाना पुलिस ने फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की है। थाना प्रभारी रवि गर्ग का कहना है कि इस मामले में महाराष्ट्र पुलिस से चर्चा जारी है। चोरी के रुपए से सागर के साथ किस-किस ने मौज की, जानकारी जुटाई जा रही है। उसके बाद ही उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

ये कैसी जांच पड़ताल
पिछले 18 दिन से सागर द्वारा ग्वालियर में ऐश करने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और होटल आदि जांच-पड़ताल की पोल खुल गई है। पिछले माह 29 व 30 जुलाई को शहर में इन्वेस्टर्स मीट हुई थी।

मीट से पहले शहर की पुलिस ने होटल, रेस्टोरेंट, सिनेमाघरों की गहन जांच-पड़ताल का दावा किया था। उस समय सागर पुलिस की निगाह से कैसे बचा रहा? होटल संचालक ने भी इसकी जानकारी पुलिस को क्यों नहीं दी? ये ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब देने से पुलिस कतरा रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: