bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanKota Kota

कोटाः महादेव मंदिर की सीढ़ियां ढहीं, 150 लोग फंसे

कोटा (राजस्थान). चंबल नदी के किनारे स्थित गैपरनाथ महादेव मंदिर में रविवार को सीढ़ियां ढह जाने से 150 लोग डेढ़ सौ से दो सौ फीट की गहराई में फंस गए हैं।

ढहती सीढ़ियों पर मौजूद एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि दो अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है। दुर्घटना में जख्मी एक व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया है।

मंदिर में फंसे लोगों को निकालने के लिए सेना से मदद मांगी गई है। रावतभाटा से दस किलोमीटर दूर स्थित इस धार्मिक एवं पिकनिक स्थल पर रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

दोपहर बाद डेढ़ सौ से दो सौ फीट गहराई में स्थित मंदिर तक पहुंचने के लिए बनीं सीढ़ियों में से पहले तीन और थोड़ी देर बाद बीस सीढ़ियां ढह गईं।

एक मृत, दो मलबे में दबे : दुर्घटना के दौरान सीढ़ियों के मलबे के नीचे दबे तीन लोगों में से एक का शव बरामद हो गया है। मलबा गिरने से जख्मी हुए एक युवक सुरेश नागर को अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे के समय 150 लोग नीचे मौजूद थे। इनमें से कुछ कुंड में स्नान कर रहे थे जबकि अन्य मंदिर में पूजा-अर्चना में व्यस्त थे।

नदी के रास्ते पहुंचे गोताखोर : सीढ़ियां ढहने से नीचे हड़कंप मच गया। मोबाइल नेटवर्क वहां काम नहीं करता और इतनी गहराई से आवाज भी ऊपर तक नहीं पहुंच रही थी। ऊपर से आने वाले लोगों को सीढ़ियां ढहने का पता चलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। शाम साढ़े छह बजे गोताखोर नदी के रास्ते से नीचे पहुंचे तो पता लगा कि वहां 25 महिलाएं और दस बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग फंसे हुए हैं।

सेना से मदद मांगी : इसके बाद जिला प्रशासन ने सेना से मदद मांगी। देर शाम तक फंसे लोगों को निकालने के लिए सेना का हेलीकॉप्टर पहुंच गया था। कुछ लोग रस्सों के सहारे ऊपर आने में कामयाब हुए। अंधेरा हो जाने के कारण बचाव कार्य में मुश्किल आ रही थी।

‘दुर्गम जगह होने के कारण राहत में दिक्कत आ रही है। वैकल्पिक मार्ग से बचाव दल मौके पर पहुंच गया है। सेना का बचाव दल भी आ गया है। मुख्यमंत्री ने मामले की जानकारी ली है।’
विशाल बंसल, पुलिस अधीक्षक

पानी के रिसाव के कारण ढहीं सीढ़ियां
सीढ़ियों के नीचे पानी के रिसाव को इनके ढहने का कारण माना जा रहा है। गैपरनाथ मंदिर में तैनात चौकीदार रामकुमार के अनुसार लगातार पानी रिसने से सीढ़ियों के नीचे की चट्टान व मिट्टी कट गई थी। इसी कारण सीढ़ियां अचानक ढह गईं। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाहर की तरफ निकली हुईं एक चट्टान के अचानक गिरने से सीढ़ियां ढह गईं। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि प्रशासनिक जांच के बाद ही सही कारण मालूम पड़ सकेगा।

>> कोटा से 10 किमी दूर गैपरनाथ मंदिर इस पहाड़ी रास्ते से जाते हैं लोग। मंदिर के साथ यह पिकनिक स्पॉट भी हैं।

>> राह में यह संकटमोचक हनुमान मंदिर है। यहां से शुरू होती है मुख्य मंदिर में जाने की खतरनाक सीढ़ियां।

>> यह परिवार फंसा हुआ है नीचे। हादसा दोपहर 2:30 बजे हुआ। तब से रात नौ बजे तक लोग उसी स्थिति में नीचे फंसे रहे। हेलिकॉप्टर रात सवा नौ बजे पहुंचा। बारिश के कारण राहत कार्य प्रभावित।

>> यहां से टूटी सीढ़ियां। कुल 200 सीढ़ियां नीचे उतरनी पड़ती है इनमें से पहले तीन सीढ़ियां ढही। फिर बीस ढह गई। एक व्यक्ति की मौत। एक घायल अस्पताल में। पांच लोगों को रस्सों के सहारे बाहर निकाला। दो लोग अभी भी मलबे में दबे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: