News
International International इस्लामाबाद. मुश्किलों में घिरे पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के खिलाफ सोमवार से शुरू हो रहे नेशनल असेंबली के सत्र में महाभियोग का प्रस्ताव पेश किया जाएगा।
सत्तारूढ़ गठबंधन का दावा है कि सत्र में राष्ट्रपति के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव के साथ एक ऐसा ठोस व व्यापक आरोप पत्र भी लाया जाएगा, जिसका वे सामना नहीं कर पाएंगे।
इस दस्तावेज में मुशर्रफ पर करोड़ों डॉलर की अमेरिकी सहायता के कथित दुरुपयोग का ताजा आरोप भी शामिल हो सकता है। मुशर्रफ की किस्मत का फैसला करने के लिए 342 सदस्यीय नेशनल असेंबली (निचले सदन) के सत्र की शुरुआत सोमवार शाम पांच बजे होगी।
आरोप पत्र तैयार करने के लिए सत्तारूढ़ गठबंधन की रविवार को हुई बैठक के बाद विधि मंत्री फारुख नाइक ने कहा कि इसका मुकाबला मुशर्रफ नहीं कर पाएंगे। बेहतर है कि वे खुद ही इस्तीफा सौंप दें, वरना उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश किया जाएगा।
नाइक ने बताया कि इस आरोप पत्र में संविधान व विभिन्न कानूनों का उल्लंघन करने जैसे आरोप शामिल होंगे। इस बीच, पीपीपी के सहअध्यक्ष आसिफ अली जरदारी ने मुशर्रफ पर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के लिए अमेरिका से मिली वित्तीय मदद में से लगभग 70 करोड़ डॉलर के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
जरदारी ने यह बात ब्रिटेन के अखबार ‘द संडे टाइम्स’ को दिए एक इंटरव्यू में कही। उनका यह ताजा आरोप मुशर्रफ के खिलाफ पेश होने वाले आरोप पत्र का हिस्सा भी बन सकता है।
अपने भी विरोध में : मुशर्रफ का साथ देने के मुद्दे पर राष्ट्रपति की मुख्य समर्थक पार्टी पीएमएल-क्यू में भी मतभेद दिखाई दे रहे हैं। पार्टी के सांसद सरदार बहादुर खान सिहार ने मुशर्रफ को सम्मानपूर्वक अपना पद छोड़ने की सलाह देते हुए दावा किया कि लगभग एक दर्जन सांसद उनके साथ हैं, जो महाभियोग प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। दूसरी ओर केंद्र शासित कबाइली इलाकों (फाटा) के चार निर्दलीय सांसदों ने भी मुशर्रफ को पद छोड़ने के लिए कहा है।
हमारी तैयारी पूरी : जरदारी
जरदारी का कहना है कि उन्हें महाभियोग प्रस्ताव के पारित होने का 110 प्रतिशत भरोसा है। ‘इतना महत्वपूर्ण कदम उठाने से पहले ही हम संख्या बल जुटा चुके हैं।’
बलूचिस्तान में शुक्रवार को हुई मंत्रियों व सांसदों की एक बैठक में जरदारी ने कहा था कि लगभग 350 सांसद महाभियोग प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। प्रस्ताव को पारित कराने के लिए दो-तिहाई (295) सदस्यों के समर्थन की जरूरत होगी।