इंदौर. स्कीम-78, पार्ट-1 (फेज-2) में विकास प्राधिकरण करीब 20 एकड़ जमीन पर 559 रो हाउस बनाएगा जो लॉटरी पद्धति से बेचे जाएंगे। इसका प्रस्ताव बोर्ड से मंजूर हो चुका है। दो महीने में काम शुरू करने की तैयारी है।
अधिकारियों के मुताबिक पहले प्राधिकरण स्कीम-78 के 597 प्लॉट बेचना चाहता था। फिर तय हुआ 559 प्लॉट पर एक मंजिला रो हाउस बनाए जाएं। हर रो हाउस बनाने में करीब 4.80 लाख रुपए खर्च होंगे। इसमें 650 वर्गफीट के प्लॉट पर 400 वर्गफीट में छोटा हॉल, एक बेडरूम, किचन, लेट-बाथ बनेगा। पीछे पांच और आगे 10 फीट खुली जमीन होगी।
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से ले-आउट मंजूर हो चुका है। सड़क, सीवर, वाटर लाइन और बिजली आदि का काम इसी महीने शुरू हो जाएगा जिस पर करीब पांच करोड़ खर्च होंगे।
पहले खेती के लिए थी जमीन
रो हाउस के लिए चुनी गई जमीन का उपयोग पिछले मास्टर प्लान में खेती था। मास्टर प्लान-2021 में आवासीय हुआ तब प्राधिकरण ने पहले प्लॉट बेचने, फिर मकान बनाने की योजना बनाई। 597 में से 38 प्लॉट 800 वर्गफीट के हैं। उन पर मकान बनाना है या यों ही बेचना है, बोर्ड तय करेगा। राजीव आवास विहार के मकान छोड़ दें तो प्राधिकरण लंबे समय बाद रो हाउस बना रहा है। इससे पहले स्कीम-78 में ही रो हाउस बनाकर बेचे थे।
कीमत आठ लाख, पजेशन सालभर में
प्राधिकरण के अध्यक्ष मधु वर्मा ने बताया मकान के साथ गाइड लाइन आधार पर प्लॉट की कीमत भी ली जाएगी जो लगभग तीन लाख रुपए होगी।
इस तरह जरूरतमंद लोग लॉटरी से करीब आठ लाख रुपए में मकान ले सकेंगे। उसकी कीमत की 25 फीसदी राशि लेकर बाकी राशि पांच से 10 साल की किस्तों में चुकाई जा सकेगी। लॉटरी महीनेभर में करने की तैयारी है। मकान सालभर में मिल जाएंगे।