जयपुर. मांझी की वतन वापसी में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए रविवार को मांझी अपनी दादी के साथ मोतीडूंगरी गणोश मंदिर पहुंची, जहां मांझी की दादी ने प्रथमपूज्य से मांझी की सकुशल वतन वापसी की दुआ मांगी।
जहां मंदिर के पंडित अशोक शर्मा ने दादी से पूजा-अर्चना करा उन्हें चुनरी ओढ़ाई। मांझी को मंदिर में डॉ. संजय आर्य केरियर इनकुबेटर में रखकर लाए। मांझी को पहली बार अस्पताल से बाहर लाने में उनके साथ फ्रेंच फार्मा के निदेशक आर.के.चौधरी और व्यवसायी कमल विजयवर्गीय ने पूरी मदद की। मंदिर में लोगों की भावनाओं को देख दादी इसूकी यामादा भावुक हो र्गई और देर तक भगवान गणोशजी के सामने गर्दन झुका हाथ जोड़े खड़ी रहीं।
डॉ.आर्य ने बताया कि मांझी को भगवान के दर पर लाने की बात दादी ने ही कही थी। पूजा के दौरान मांझी लगभग पौन घंटे मंदिर में रही। मांझी को देख उसके लिए प्रार्थना करने सोमवार को कुछ स्कूली बच्चे अस्पताल पहुंचेंगे। इसके साथ ही मांझी के जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की वकील इंद्रा जयसिंह कार्यवाही आगे बढ़ाएंगी।