राजगढ़ (अलवर). कस्बे में रेलवे स्टेशन के समीप स्थित स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर शाखा से शनिवार रात चोर तिजोरी काटकर ११ लाख २६ हजार रुपए चोरी कर ले गए। चोर फनर से जंगला के सरिया काटकर बैंक में दाखिल हुए। पुलिस ने बैंक से गैस सिलेण्डर, कटर सहित अन्य सामान जब्त किया है।
घटना का पता बैंक के बाहर चाय की थड़ी लगाने वाले दुकानदार को लगा, जब उसे रविवार सुबह बैंक के पीछे खेत में कंबल, लुंगी, फनर, शराब, पानी की बोतल, बैंक सायरन पड़े मिले और बैंक भवन के पीछे लगे जंगले के सरिये कटे मिले। शक होने पर उसने इसकी सूचना बैंक के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रामहेत को दी।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने शाखा प्रबंधक आर. एस. सौगत को घटना जानकारी दी। प्रबंधक की सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक सुनीता मीणा मय जाब्ते मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार चोरों ने पहले खेत में बैठकर शराब पी। इसके बाद बैंक के पीछे के जंगला के छह सरियों को फनर से काटकर प्रवेश किया। चोरों ने बिजली आपूर्ति बंद कर सायरन को काटकर खेत में फैंक दिया। उन्होंने गैस कटर से बैंक की तिजोरी काटी और उसमें रखे ११ लाख २६ हजार रुपए चोरी कर ले गए।
चोर अपने साथ नया गैस कटर, सिलेण्डर, वायर कटर, पेचकस, हथौड़ी, पाने, लोहे का सरिया लाए थे। पुलिस का मानना है कि घटना स्थल पर मिले कपड़े के दस्तानों से लगता है कि चोरों ने फिंगर प्रिंट के बचाव के लिए इनका प्रयोग किया है। घटना की रिपोर्ट शाखा प्रबंधक ने दर्ज कराई है। शाखा प्रबंधक सौगत का कहना है कि तिजोरी को गैस कटर से काटने के कारण उसमें रखे बैंक के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी नष्ट हो गए।