जयपुर. जयपुर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जयपुर नगर निगम जल्द ही आमेर में सागर की ओर पहाड़ी की चोटी पर बने वाच टॉवर में मिनी रेस्त्रां बनाएगा।
इसमें करीब 90 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी तथा ऊपर से यह पूरी तरह खुला होगा। पर्यटक यहां से सागर, नाहरगढ़ की पहाड़ियां तथा आमेर के हेरिटेज स्वरूप को निहार सकेंगे और फोटोग्राफी कर सकेंगे।
परकोटे के ऊपर की चौड़ाई करीब आठ फुट है। इस पर एकसाथ सात-आठ व्यक्ति आ-जा सकते हैं। परकोटे पर जगह-जगह वाच टॉवर बनाए गए थे, ताकि सैनिक उसमें बैठक पर निगरानी रख सकें। इस रेस्त्रां को विकसित करने में करीब 50 लाख रुपए ज्यादा खर्च होंगे तथा अगले माह के पहले सप्ताह से काम शुरू हो जाएगा। निगम ने इसका डिजाइन भी तैयार कर लिया है।
ऐसे पहुंचा जा सकेगा रेस्त्रां में : रेस्त्रां में जाने के लिए दो रास्ते होंगे। एक रास्ता तो सागर की पाल के पार पहाड़ी पर बने परकोटे के नीचे से बना हुआ है। यह रास्ता परकोटे के ऊपर बने रास्ते में मिल जाता है। पर्यटक इसी रास्ते से वाच टॉवर तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा नगर निगम सागर रोड खेरी गेट के बराबर में एक रास्ता बनाएगा, जो परकोटे के ऊपर बने रास्ते से मिलेगा। खेरी गेट से वाच टॉवर की दूरी करीब 300 मीटर है। सागर से इसकी ऊंचाई करीब सौ मीटर है।
कुछ यूं दिखेगा : इस रेस्त्रां में 65 तथा नीचे की ओर जाने वाले रास्ते में एक जगह करीब 24 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। यहां पर्यटक चाय-कॉफी का आनंद लेने के साथ नाश्ता भी कर सकेंगे। इसके एक तरफ छोटा काउंटर होगा तथा उसके पश्चिमी हिस्से में चौकोर छोटा सा चबूतरा होगा, जहां से आमेर कस्बे तथा सागर की फोटोग्राफी की जा सकेगी। यहां गर्मी की तेज धूप के बावजूद ठंडी हवाओं का एहसास होगा। इसके साथ ही यहां से चारों तरफ पहाड़ियों का नजारा, आमेर महल, सागर व पूरे क्षेत्र के हेरिटेज स्वरूप को निहारा जा सकेगा।
नया प्रयोग बढ़ाएगा आमदनी : महापौर अशोक परनामी ने बताया कि यह प्रदेश में पहला प्रयोग है। प्रदेश के पहाड़ों में काफी संख्या में रेस्त्रां बने हैं, लेकिन इस तरह चोटी पर यह पहला प्रयोग होगा। विदेशी के साथ देशी पर्यटक भी इसकी ओर आकर्षित होंगे। इससे पर्यटन विभाग की आमदनी भी बढ़ेगी।