कोलंबो. बीजिंग में अभिनव बिंद्रा के स्वर्ण जीतने पर जहां पूरा देश खुशियां मना रहा था, वहीं भारतीय क्रिकेट टीम के ‘धुरंधर’ खिलाड़ियों के चेहरे श्रीलंका में शर्म से झुके हुए थे।
बल्लेबाजों के शर्मनाक प्रदर्शन के कारण भारत का श्रीलंका में 15 साल बाद टेस्ट सीरीज जीतने का ख्वाब टूट गया। मेजबान टीम ने तीसरा व निर्णायक टेस्ट सोमवार को आठ विकेट से जीत सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। तीसरे दिन भारत की दूसरी पारी 268 रन पर सिमट गई और श्रीलंका को 122 रन का लक्ष्य मिला, जो उसने दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।
बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहले साबित हुए अजंता मेंडिस को मैन ऑफ द सीरीज तथा कुमार संगकारा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वनडे सीरीज नहीं खेल पाएंगे सचिन : श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज गंवाने वाली भारतीय टीम के लिए एक और बुरी खबर है।
फील्डिंग के दौरान कोहनी में चोट लगा बैठे सचिन 18 अगस्त से शुरू होने वाली वनडे सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। उनके स्थान पर तमिलनाडु के एस. बद्रीनाथ को टीम में शामिल किए जाने की संभावना है।
बोर्ड के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रत्नाकर शेट्टी ने बताया कि सचिन ने सुबह फीजियो से अपनी चोट की जांच कराई थी। फीजियो ने उन्हें दो-तीन सप्ताह के आराम की सलाह दी है।