कोलंबो. मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर कोहनी में चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे। सचिन तीसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट में दूसरे दिन क्षेत्ररक्षण करते समय अपनी बाई कोहुनी चोटिल करा बैठे थे।
टीम इंडिया के एक अधिकारी ने बताया कि इस चोट के कारण सचिन को दो से तीन सप्ताह मैदान से दूर रहना होगा। उन्होंने कहा कि सचिन की जगह मध्यक्रम के बल्लेबाज एस बद्रीनाथ को टीम इंडिया में शामिल किया गया है।
श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज १८ अगस्त से शुरू हो रही है। गौरतलब है कि सचिन ने श्रीलंका के खिलाफ श्रं़खला में चोट के बाद ही वापसी की थी।
वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के पहले मैच में चोटिल हो गए थे। लेकिन ऐसा लगता है कि सचिन और चोट का चोली दामन का साथ है। एक बार फिर चोट ने उन्हें क्रिकेट मैदान से कुछ अरसे के लिए दूर कर दिया है।