इंदौर. सावन के आखिरी सोमवार को आकाश से अमृत बरसा। सुबह 5 बजे से बारिश का दौर शुरू हुआ तो ऐसा लगा जैसे इंद्र भी भगवान शिव का अभिषेक कर रहे हों। 11 बजे तक कभी तेज तो कभी मद्धम बारिश होती रही।
12 अगस्त तक इंदौर, उज्जैन में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने के आसार हैं। बरसात का दौर जारी रहने से त्योहार का उत्साह दोगुना हो गया है।
उड़िसा में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर सोमवार को भी बरकरार रहा। सुबह 5 बजे से बरसात शुरू हुई। एक समय तो ऐसा लगा कि आज बादल रुकने वाले नहीं हैं। सारे तालाबों में पानी आ जाएगा। हालांकि 11 बजे तक मानसून कमजोर पड़ गया। इसके बाद धूप खिल गई। सुबह आठ से रात साढ़े आठ बजे तक कुल 18 मिलीमीटर पानी रिकार्ड किया गया।
पानी दोपहर 11 बजे तक ही गिरा। इसके बाद कहीं-कहीं फुहारों का दौर चलता रहा। अभी तक 325 मिलीमीटर ही पानी गिरा है। जबकि पिछले वर्ष इस अवधि में 674 मिमी बरसात हो चुकी थी। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। अगस्त माह खत्म होने में 18 दिन बाकी हैं। इस माह में बारिश के अभी 8 दिन और बाकी हैं।
किसानों की बल्ले-बल्ले
बारिश के रिमझिम दौर से किसानों की बल्ले-बल्ले हो गई है। सोयाबीन का पौधा खूब फल-फूल रहा है। कृषि विभाग के मुताबिक अभी तक बंफर फसल होने की संभावना बनी हुई है। थोड़ा और पानी लगने के बाद केवल निगरानी की जरूरत होगी।