bhaskar Web English
HomeBusinessDalal Street Dalal Street

क्रूड ऑइल में नरमी, शेयरों में आई सुर्खी

मुंबई. क्रूड की कीमतों में नरमी और विश्व बाजार की मजबूती घरेलू शेयर बाजार में रौनक ला रही है। बाजार की धारणा में सुधार दिखाई दे रहा है।

सोमवार को बीएसई सेंसेक्स बैंक, रीयल इस्टेट और एनर्जी शेयरों में निकले खरीदी के समर्थन से 336 अंक और उछलकर 15,504 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 91 अंक की तेजी रही और यह 4,620 पर बंद हुआ।

विश्व बाजार में कच्चे तेल की कीमतें एक डॉलर बढ़कर 116 डॉलर प्रति बैरल आ गई हैं, लेकिन यह कीमत जुलाई की रिकार्ड कीमत 147 डॉलर प्रति बैरल से काफी कम है। कारोबारियों का कहना है क्रूड ऑइल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में नरमी आने से दुनिया में महंगाई बढ़ने की चिंताएं कम हुई हैं।

भारत सहित दुनिया के शेयर बाजारों में तेजी का रुख है। पहले अमेरिका में प्रमुख सूचकांक सवा दो फीसदी से तीन फीसदी के करीब उछलकर बंद हुए। एशियाई बाजारों में भी तेजी का रुख देखा गया। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स दो फीसदी ऊपर बंद हुआ, जबकि टॉपिक्स में 1.50 फीसदी की बढ़त रही। बाद में यूरोपीय बाजार भी अमेरिका में क्रूड की कीमतें नीचे खुलने की उम्मीद में तेज खुले।

विश्लेषकों के मुताबिक क्रूड की नीचे आती कीमतों ने बाजार को गिरावट के चक्र से बाहर निकाल दिया है। लोग वापस बुनियादी घटकों का रुख करने लगे हैं। उनके मुताबिक मंगलवार को आने वाले औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों में कुछ सुधार होने की उम्मीद में भी निवेशकों ने खरीदी की।

बैंक रियल्टी शेयर उछले
>> आईसीआईसीआई बैंक में 5.74 फीसदी और एसबीआई में 4.65 फीसदी उछाल की बदौलत बैंक इंडेक्स सबसे अधिक 307 अंक उछलकर 7,702 पर बंद हुआ।
>> रिलायंस इंफ्रा में 6.86 फीसदी, डीएलएफ में 3.57 फीसदी उछाल की बदौलत रियल्टी इंडेक्स 290 अंक उछल गया और अंत में यह 5,799 के स्तर पर बंद हुआ।
>> रिलायंस की अगुआई में तेल सूचकांक 298 अंक उछलकर 10,437 पर बंद हुआ।
>> पीएसयू, पावर, कैपिटल गुड्स, ऑटो सूचकांक 2.20 से 2.61 फीसदी उछलें
>> पिछले लगातार पांच सत्रों में बीएसई सेंसेक्स 6.35 फीसदी या 926 अंक मजबूत हुआ है। सोमवार को सेंसेक्स दो माह की ऊंचाई पर बंद हुआ है। इससे पहले यह गत 17 जून को 15,697 के स्तर पर बंद हुआ था।

विशाल इंफो ने दिया 32 फीसदी तक मुनाफा
आईटी सॉल्यूशन प्रोवाइडर विशाल इंफो के शेयर एनएसई में सोमवार को आईपीओ कीमत 150 रुपए की तुलना में 13.33 फीसदी डिस्काउंट के साथ 130 रुपए के भाव पर लिस्ट हुए।

कारोबार में इसने 32.23 फीसदी उछलकर 198.35 रुपए की ऊंचाई को छुआ। शाम को यह 29.73 फीसदी उछाल के साथ 194.60 पर बंद हुए। बीएसई में यह शेयर 150 रुपए पर लिस्ट होने के बाद कारोबार में 197.20 रुपए की ऊंचाई तक गया और अंत में 194.20 रुपए के भाव पर बंद हुआ।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: