जयपुर. श्रावण शुक्ल दशमी पर सोमवार को शहर के शिवालयों में मेले-सा माहौल रहा। शिवभक्तों ने महादेव का गलता से लाए गए जल से अभिषेक कर पुण्य कमाया, वहीं महिलाओं ने अंतिम वन सोमवार का व्रत किया।
ताड़केश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक का दौर चलता रहा। शाम को ताड़क बाबा के सवा लाख बिल्वपत्रों की मनोरम झांकी सजाई और भजन संध्या हुई। शिवमंदिर विकास समिति की ओर से जवाहर नगर सेक्टर-5 रामलीला मैदान के शिव मंदिर में सुबह महादेव जलाभिषेक और सामूहिक सहस्त्रघट हुआ।
शाम को यहां फूल बंगला की झांकी सजाई। महादेव का मोगरा, गुलाब, चमेली और लिली के सुगंधित पुष्पों से मनोरम श्रंगार हुआ। रात को भक्ति संध्या का आयोजन हुआ। अजमेर रोड धूलेश्वर महादेव मंदिर, झाड़खंड महादेव मंदिर,चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर,सांगेश्वर महादेव में भी अनेक आयोजन हुए। चांदपोल बाजार के निहालेश्वर महादेव मंदिर में अमरनाथ बर्फानी का दरबार सजाया गया।