जयपुर. सावन के अंतिम सोमवार को सुबह तेज गर्मी व उमस के बाद दोपहर में छितराई हुई बारिश हुई। कुछ क्षेत्रों में बारिश होने के बाद उमस बढ़ गई। दोपहर को हुई उमस के बाद शाम को झमाझम हुई और मौसम सुहाना हो गया।
दोपहर तक उमस रही। उसी दौरान बादल भी उमड़ने लगे। दोपहर बाद कुछ क्षेत्रों में छितराई बारिश हुई, जबकि लाल कोठी व खासा कोठी इलाके में तेज बारिश हुई। पंद्रह से बीस मिनट की बारिश में कई इलाकों की सड़कों पर पानी ही पानी हो गया। छितराई बारिश के बाद उमस बढ़ गई। दिन का तापमान भी 34.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
शाम को मौसम हुआ सुहाना
शाम छह बजे बाद उत्तर-पूर्वी दिशा से काली घटाएं उमड़ीं और कुछ समय बाद तेज बारिश शुरू हो गई। आधे घंटे तक शहर के अधिकांश इलाकों में झमाझम हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और शहर के उद्यानों में पिकनिक जैसा माहौल हो गया।
जलमहल में पानी की आवक
अब तक की बारिश के बाद जलमहल को छोड़ कर अन्य जगहों में पानी की आवक न के बराबर हुई है। जलमहल में करीब डेढ़ फुट तक पानी आया है। वहीं तालकटोरा खाली ही है। सागर में मामूली पानी की आवक हुई है तथा मावठा व रामगढ़ बांध अभी सूखे पड़े हैं।