जयपुर. पिकनिक मनाने बीसलपुर गए युवकों का वापसी का सफर जानलेवा बन गया। रविवार देर रात शिवदासपुरा इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग 12 पर एक ट्रक में जा घुसी। हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, गंभीर रूप से घायल एक युवक ने उपचार के दौरान एसएमएस अस्पताल में दम तोड़ दिया। एसएमएस अस्पताल में तीन घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह 11 बजे किराये की कार लेकर आठ युवक पिकनिक मनाने के लिए डिग्गी कल्याण व बीसलपुर बांध के लिए रवाना हुए थे। लौटते समय रात 11:30 बजे शिवदासपुरा थाना इलाके में काठावाला की तन गांव के पास एक ट्रक ने इनोवा को ओवरटेक किया और आगे आकर ब्रेक लगा दिए, जिससे कार ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई।
हादसे में दादी का फाटक सरदार जी का फार्म निवासी पलविंदर सिंह उर्फ सोनू (26), कुलविंदर सिंह उर्फ तोती (30), देवनगर मुरलीपुरा के विजय बंसल उर्फ छोटू (26) और मुरलीपुरा भवानी नगर के सुमेरसिंह चौधरी (30) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सुमेरसिंह राजपूत (30) ने सोमवार रात उपचार के दौरान एसएमएस अस्पताल में दम तोड़ दिया, वहीं भवानी नगर के महेंद्र (27), मुरलीपुरा के सतवीरसिंह उर्फ पिंटू (26), मुरलीपुरा किशोर नगर निवासी सतवीर के भाई नरपत सिंह (26) को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दौड़ पड़े गांवों के लोग, क्रेन बुलवाई : आधी रात को भीषण धमाका सुनकर आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। राजमार्ग पर काफी देर तक दोनों ओर जाम लगा रहा।
शिवदासपुरा पुलिस ने चाकसू से क्रेन बुलवाकर ट्रक के पिछले हिस्से में फंसी कार को निकलवाई और शवों व घायलों को एंबुलेंस से एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। देर रात ही घायलों व मृतक युवकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। सुमेर का मंगलवार को पोस्टमार्टम होगा।
फोन पर रात 11 बजे तक आने की कह रहे थे, लेकिन..
पिकनिक मनाकर जयपुर लौट रहे पलविंदर सिंह व कुलविंदर ने परिजनों को रात 8:45 फोन कर रात 11 बजे तक घर लौटने को कहा था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनका सफर अधूरा ही रह जाएगा।
बेसहारा हो गई पत्नी व दो मासूम बच्चियां: प्राइवेट टैक्सी चलाकर गुजारा करने वाले कुलविंदर की मौत से उसकी पत्नी रानी कौर (28) व बच्चियां आरती (9) व सोनिया (4) बेसहारा हो गईं। कुलविंदर के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। लोगों ने अमृतसर में रहने वाले कुलविंदर के बड़े भाई सुरेंद्र सिंह को सूचना देकर जयपुर बुलवाया है।
पांच दिन पहले मनाया था बेटे का पहला जन्मदिन: पलविंदर सिंह ने पांच दिन पहले ही अपने बेटे का पहला जन्मदिन धूमधाम से मनाया था। पलविंदर की मौत की खबर पाते ही घर में कोहराम मच गया और उसकी पत्नी व मां बेहोश होकर गिर पड़ी। पिता हरदीप सिंह की अस्पताल पहुंचकर तबीयत बिगड़ गई।
सबसे छोटा भाई चला गया : ट्रैवल एजेंसी में ड्राइविंग करने वाले विजय बंसल की मौत से आहत हुई मां कृष्णा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। विजय परिवार में चार भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था। हादसे के समय वह कार चला रहा था।