News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. सरकारी विभागों में विभिन्न सेवाओं के लिए कतार लगाकर अब लोगों को इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इन लाइन की इस मशक्कत को खत्म करने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण महकमों की 93 सेवाओं को ऑनलाइन किया जाएगा।
इससे शिवपुरीवासी अपने घर बैठे ही आय, जाति प्रमाण-पत्र से लेकर खसरा-खतौनी की नकल और हर सूचना व कागजात हासिल कर पाएंगे।
यह बात केन्द्रीय संचार एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया न सोमवार को स्थानीय मानस भवन में ई-डिस्ट्रिक परियोजना के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि की हैसियत से कही।
3.5 करोड़ की इस परियोजना का शुभारंभ करते हुए श्री सिंधिया ने कहा कि स्व. राजीव गांधी का सपना था कि पूरा देश सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े और उन्होंने 20 साल पूर्व इस क्षेत्र में विकास की आधार शिला रखी थी। आज उसी सपने को साकार करते हुए कांग्रेस की केन्द्र सरकार ने उनके विशेष प्रयास से मध्यप्रदेश के पांच जिलों ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, सागर व इन्दौर ई-डिस्ट्रिक परियोजना में शामिल किया है।
श्री सिंधिया ने बताया कि साढ़े 15 करोड़ के पांच जिलों के इस प्रोजेक्ट से उक्त जिलेवासी देश ही नहीं पूरे विश्व से जुड़ जाएंगे। श्री सिंधिया ने कहा कि यह योजना 18 माह में पूर्ण होगी और इस परियोजना के बाद आपको किसी अधिकारी अथवा दफ्तर में नहीं जाना पड़ेगा। कम्प्यूटर पर बैठकर आप आय, जाति, रोजगार का पंजीयन, शादी का पंजीयन, जॉबकार्ड, राशनकार्ड आदि सेवायें हासिल कर सकते हैं। इससे पूर्व कलेक्टर मनीष श्रीवास्तव ने ई-डिस्ट्रिक परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक दो ग्राम पंचायत पर एक कॉमन सर्विस सेन्टर स्थापित किया जाएगा। जिससे ग्रामीण व आम जनता शासन की विभिन्न 93 सेवाओं का लाभ उठा पाएंगे। उन्होंने बताया कि केन्द्र शासन की इस परियोजना में विप्रो कंपनी भागीदार है और इसके लिए मध्यप्रदेश शासन ने हरी झण्डी दी है। उन्होंने इसे जिले के लिए एक बड़ा उपहार बताया और यकीन दिलाया कि परियोजना का कार्य तेज गति से किया जाएगा।
समारोह में कोलारस विधायक ओमप्रकाश खटीक, शिवपुरी विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी और नगरपालिका अध्यक्ष जगमोहन सिंह सेंगर ने इस परियोजना को शिवपुरी लाने के लिए श्री सिंधिया का आभार ज्ञापित किया और कहा कि उनके प्रयासों से जिला, प्रदेश और केन्द्र में सभी महत्वपूर्ण योजनाओं के लागू होने से गौरवान्वित हुआ है। इससे पूर्व दिल्ली से आए आईटी विभाग के डायरेक्टर सैयददीन अबासी और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग मप्र के अपर सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने प्रोजेक्टर के माध्यम से उपस्थित लोगों को ई-डिस्ट्रिक परियोजना के क्रियान्वयन और इससे होने वाले लाभ की जानकारी दी।
समारोह का प्रारंभ मुख्य अतिथि श्री सिंधिया द्वारा मां सरस्वती के चित्र के आगे दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। उन्होंने इस ई-डिस्ट्रिक परियोजना का विधिवत शुभारंभ फीता काटकर किया। समारोह मे मंच पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जूली आदिवासी, जिला पंचायत सीईओ आरके मिश्रा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष लालसाहब यादव, कांग्रेस नेता सांवलदास गुप्ता, रामसिंह यादव, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रेमनारायण नागर आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला पंचायत के अरुण अपेक्षित ने किया।
नौ हजार से अधिक ई-गुमटियां बनेंगी
श्री सिंधिया ने बताया कि ई-गर्वेनेंस परियोजना के तहत इस वित्तीय वर्ष में उनका मंत्रालय मध्यप्रदेश शासन को 275 करोड़ रुपए प्रदान करेगा। इससे मप्र में एक स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क स्थापित किया जाएगा। साथ ही नौ हजार दो सौ बत्तीस ई-गुमटियां विभिन्न गांवों में स्थापित की जाएंगी। प्रत्येक ई-गुमटी से दो व्यक्तियों को रोजगार मिलेगा। इन्हें ई-गुमटियों के लिए फ्रेंचायजी दी जाएगी।
तहसीलदार से काम कराना बड़ा मुश्किल
श्री सिंधिया ने ई-डिस्ट्रिक परियोजना के शुभारंभ समारोह में राजस्व विभाग को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि खसरा-खतौनी की नकल, पट्टा, आय जाति प्रमाण पत्र एवं अन्य सेवाओं के लिए जनता को तहसीलदार के पास जाना पड़ता है, लेकिन मैं यह जानता हूं कि तहसीलदार से काम कराना इतना आसान नहीं है। तहसील में 100 रुपए के काम पर पांच रुपए अलग से लिए जाते हैं और इसी भ्रष्टाचार को कम करने के लिए सभी सूचनाओं और शासकीय सेवाओं को ऑनलाइन किया जाएगा, ताकि आम जनता को न ही कतार में लगना पड़े और न रिश्वत देना पड़े।
गांव तक पहुंचेगी सूचनाएं
श्री सिंधिया ने कहा कि आज का युग सूचना, संपर्क और जानकारी का युग है। जिस तरह से बिजली एक केन्द्रीय ग्रिड के जरिए प्रदेशों और फिर जिलों से होती हुई गांव तक पहुंचती है, उसी प्रकार से सूचनाओं और सेवाओं को गांव तक पहुंचाने के लिए एक केन्द्रीय नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। जिससे सभी प्रदेशों को जोड़ा जाएगा। इसके बाद प्रदेश में एक स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क बनेगा, जहां सभी सूचनाओं को एकत्रित किया जाएगा। तत्पश्चात ई-गुमटियां (कॉमन सर्विस सेन्टर) के माध्यम से गांव तक सूचनाएं पहुंचाई जाएंगी।
भोपाल-ग्वालियर ट्रेन जल्द लेकर आऊंगा
श्री सिंधिया ने ई-डिस्ट्रिक परियोजना के शुभारंभ समारोह में अंचल में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए रेल मंत्री लालूप्रसाद यादव और रेल राज्यमंत्री श्री राठवा का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि इन्दौर-ग्वालियर तक नई रेल का शुभारंभ गत् 8 अगस्त को किया गया है, जो कि सप्ताह में तीन दिन गुना-शिवपुरी होकर चलेगी। अब कमी ग्वालियर-भोपाल के बीच ट्रेन की रह गई है और मैं यह विश्वास दिलाना चाहता हूं कि यह ट्रेन जल्द ही मंजूर कराई जाएगी और इसे शिवपुरी-गुना होकर ही चलाया जाएगा।